CG: 10 दिन से लापता शिवांगी बघेल का शव मिला, हत्या की आशंका?
22 वर्षीय शिवांगी बघेल का क्षत-विक्षत शव मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका?

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। जगदलपुर।
बस्तर जिले के घाटकवाली इलाके में मिले युवती के क्षत-विक्षत शव की पहचान हो गई है। मृतका फरसागुड़ा गांव की रहने वाली 22 वर्षीय शिवांगी बघेल थी। वह पिछले करीब 10 दिनों से लापता थी। शव मिलने के बाद परिवार ने उसकी मौत को संदिग्ध बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को बस्तर थाना क्षेत्र के घाटकवाली में एक युवती का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने पहचान की प्रक्रिया पूरी की, जिसके बाद मृतका की पहचान शिवांगी के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक, वह खेत जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।
परिवार ने बताया कि 15 नवंबर की शाम तक शिवांगी का मोबाइल फोन चालू था। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। परिजनों और परिचितों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। आखिरकार 18 नवंबर को भानपुरी थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
परिजनों को हत्या की आशंका, जांच की मांग
युवती का शव मिलने के बाद परिजनों ने आशंका जताई है कि उसे किसी ने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के बाद उसकी हत्या की होगी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है। परिवार ने पुलिस से घटना की गंभीरता से जांच कर जिम्मेदार लोगों का पता लगाने की मांग की है।
पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। जांच के तहत युवती के मोबाइल फोन की कॉल हिस्ट्री और उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही शिवांगी की मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।