खास खबरें

CG: 37 साल पुराने बैनामे ने पलट दिया निचली अदालत का फैसला, दूसरी रजिस्ट्री शून्य घोषित

एक ही जमीन की दो बार हुई थी रजिस्ट्री, अपर जिला न्यायाधीश की अदालत ने पुराने खरीदार के पक्ष में सुनाया फैसला

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | बिलासपुर। जमीन की खरीद-बिक्री में पुराने दस्तावेजों की अहमियत एक बार फिर सामने आई है। बिल्हा तहसील के बेलटुकरी गांव में 0.62 एकड़ भूमि को लेकर चले विवाद में अदालत ने 37 साल पुराने पंजीकृत विक्रय पत्र को वैध मानते हुए बाद में हुई दूसरी रजिस्ट्री को अमान्य घोषित कर दिया है। अपर जिला न्यायाधीश आदित्य जोशी की अदालत ने निचली अदालत का फैसला पलटते हुए पहले खरीदार शंभू केवट और उनके दिवंगत भाई राधे केवट के संयुक्त स्वामित्व को स्वीकार किया।

मामले के अनुसार, शंभू केवट और उनके भाई राधे केवट ने 5 जुलाई 1988 को जनकराम यादव और रामकुमार यादव से खसरा नंबर 147 की 0.62 एकड़ जमीन पंजीकृत विक्रय पत्र के माध्यम से खरीदी थी। इसके बाद 5 अगस्त 1988 को राजस्व रिकॉर्ड में भी खरीदारों के नाम नामांतरण दर्ज हो गया था। इस प्रकार जमीन का सौदा और राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी।

विवाद तब खड़ा हुआ, जब मूल विक्रेता जनकराम यादव की मृत्यु के बाद उनके वारिसों ने जमीन पर उत्तराधिकार के आधार पर अपना नाम दर्ज कराया और 15 मई 2015 को उसी भूमि की रजिस्ट्री रजनीश पांडेय के नाम कर दी। दूसरी बार बिक्री होने पर शंभू केवट ने अदालत में दावा पेश कर अपने स्वामित्व की पुष्टि और जमीन में हस्तक्षेप रोकने की मांग की।

इस मामले में प्रथम सिविल न्यायाधीश, कनिष्ठ श्रेणी बिल्हा ने 26 अप्रैल 2025 को शंभू केवट का दावा खारिज कर दिया था। इसके बाद उन्होंने इस निर्णय को चुनौती देते हुए अपर जिला न्यायाधीश की अदालत में नियमित सिविल अपील दायर की।

अपील की सुनवाई के दौरान अदालत ने 1988 के पंजीकृत विक्रय पत्र और उससे जुड़े साक्ष्यों का परीक्षण किया। पुराने सौदे के गवाह सदाराम की गवाही भी अदालत के सामने आई। प्रतिवादी पक्ष की ओर से जिरह के दौरान इस गवाही को चुनौती नहीं दिए जाने को भी अदालत ने महत्वपूर्ण माना। उपलब्ध दस्तावेजों और गवाही के आधार पर अदालत ने निष्कर्ष निकाला कि मूल विक्रेताओं ने अपने जीवनकाल में ही जमीन बेच दी थी। ऐसे में उनकी मृत्यु के बाद वारिसों के पास उस भूमि को दोबारा बेचने का अधिकार नहीं बचा था।

अदालत ने शंभू केवट की अपील स्वीकार करते हुए निचली अदालत का फैसला निरस्त कर दिया। साथ ही 15 मई 2015 को रजनीश पांडेय के पक्ष में की गई रजिस्ट्री को खसरा नंबर 147 की संबंधित 0.62 एकड़ भूमि की सीमा तक शून्य और अप्रभावी घोषित किया। फैसले में शंभू केवट और उनके दिवंगत भाई राधे केवट को उक्त भूमि का संयुक्त स्वामी माना गया। इसके अलावा प्रतिवादी क्रमांक 1 से 4 और उनके माध्यम से दावा करने वाले अन्य लोगों को जमीन में हस्तक्षेप करने से स्थायी रूप से रोक दिया गया।

इस फैसले से स्पष्ट होता है कि एक बार वैध रूप से बेची जा चुकी संपत्ति को मूल मालिक के वारिस विरासत में मिली जमीन बताकर दोबारा नहीं बेच सकते। जमीन से जुड़े पुराने पंजीकृत दस्तावेज और उनके समर्थन में मौजूद साक्ष्य स्वामित्व विवादों में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।

Back to top button