खास खबरें

भाजपा विधायक रेखा पात्रा की हालत नाजुक, जहर दिए जाने की आशंका; वेंटिलेटर पर चल रहा इलाज

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर 24 परगना जिले की हिंगलगंज विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रेखा पात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। शरीर में जहर के प्रभाव की आशंका के चलते चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।

 मिडिया से जानकारी के अनुसार, शनिवार रात हिंगलगंज स्थित अपने घर पर रेखा पात्रा की तबीयत अचानक खराब हो गई। परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। बाद में स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर उन्हें बशीरहाट सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां क्रिटिकल केयर यूनिट में रखकर उपचार किया गया। करीब चार घंटे तक इलाज के बाद भी उनकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए कोलकाता के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया।

बताया जा रहा है कि उनके शरीर में जहरीले पदार्थ के असर से जुड़े संकेत मिले हैं। हालांकि, उन्हें किस परिस्थिति में और किस तरह जहर मिला, इस संबंध में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। रविवार सुबह राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शारद्वता मुखर्जी ने अस्पताल पहुंचकर विधायक के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

गौरतलब है कि रेखा पात्रा वर्ष 2024 में संदेशखाली आंदोलन के दौरान भाजपा के प्रमुख चेहरों में शामिल रही थीं। उन्होंने संदेशखाली क्षेत्र में महिलाओं के साथ कथित अत्याचारों के विरोध में हुए आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई थी। इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के नेता शेख शाहजहां और उनके सहयोगियों के खिलाफ भाजपा के प्रदर्शन में उनकी भूमिका काफी चर्चा में रही थी।

राजनीतिक सफर की बात करें तो भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें बशीरहाट सीट से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद पार्टी ने विधानसभा चुनाव में हिंगलगंज से प्रत्याशी बनाया, जहां जीत दर्ज कर वह पहली बार विधायक बनीं।

हाल के दिनों में पार्टी के अंदरूनी मामलों को लेकर भी रेखा पात्रा चर्चा में रही थीं। उन्होंने भाजपा के कुछ नेताओं के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए आरोप लगाया था कि पार्टी के कई कार्यक्रमों में उन्हें शामिल होने का निमंत्रण नहीं दिया गया। फिलहाल उनकी बिगड़ी सेहत के पीछे की वास्तविक वजह और जहर के संदेह से जुड़े तथ्यों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

Back to top button