खास खबरें

सोनिया गांधी के बचपन का घर बनेगा ऐतिहासिक धरोहर, म्यूजियम में दिखेगी इटली से भारत तक की कहानी

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ । देश विदेश। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के जीवन से जुड़ी एक खास जगह अब ऐतिहासिक पहचान हासिल करने जा रही है। इटली के लुसियाना गांव में स्थित उनके पुश्तैनी मकान को संग्रहालय का स्वरूप दिया जा रहा है। यहां सोनिया गांधी के बचपन और शुरुआती जीवन से लेकर भारत की राजनीति में उनके योगदान तक की यादों को सहेजकर रखा जाएगा। इस पहल के जरिए देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को उनके जीवन के अनछुए पहलुओं को जानने का अवसर मिलेगा।

इस मकान को खरीदने वाले भारतीय मूल के सुखदेव सिंह कांग ने अमृतसर में इसकी जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि घर को व्यवस्थित रूप से संरक्षित करने के साथ इसे सोनिया गांधी के जीवन को समर्पित संग्रहालय के रूप में तैयार किया जा रहा है। कांग ने गांधी परिवार को भी इटली पहुंचकर अपने पुश्तैनी घर का अवलोकन करने का निमंत्रण दिया है।

पहले से पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहा है मकान

लुसियाना गांव में स्थित यह घर लंबे समय से भारत से पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है। यहां विशेष रूप से केरल से आने वाले लोग बड़ी संख्या में पहुंचते रहे हैं। पहले मकान बंद रहता था और इसकी चाबी परिवार के पास ही उपलब्ध होती थी। पर्यटकों की बढ़ती दिलचस्पी को देखते हुए अब यहां एक महिला देखरेखकर्ता की व्यवस्था की गई है, जिससे आगंतुकों को घर देखने में आसानी हो रही है।

सोनिया गांधी के राजनीतिक सफर की झलक भी मिलेगी

प्रस्तावित संग्रहालय में सोनिया गांधी के जीवन के विभिन्न पड़ावों को प्रदर्शित करने की योजना है। इसमें इटली में बिताए बचपन और शुरुआती वर्षों के साथ भारत आने के बाद उनके सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन से जुड़ी स्मृतियों को भी शामिल किया जाएगा। सुखदेव सिंह कांग के अनुसार, गांधी परिवार की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली तस्वीरों और अन्य यादगार वस्तुओं को भी संग्रहालय का हिस्सा बनाया जा सकता है।

स्थानीय लोगों के लिए भी गौरव की बात

कांग का मानना है कि उनके गांव से जुड़ी इस संपत्ति का संरक्षण पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान की बात है। एक छोटे से इतालवी गांव में जन्म लेने वाली सोनिया गांधी ने भारत की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। यही वजह है कि उनके पुश्तैनी मकान को एक ऐतिहासिक धरोहर के रूप में विकसित करने की पहल की जा रही है। अब इस घर के संग्रहालय में बदलने से लुसियाना गांव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Back to top button