CG : तेज रफ्तार बस ने बाइक को मारी टक्कर, शिक्षक समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत; चालक फरार

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। डभरा थाना क्षेत्र में बस और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में तीन लोगों की जान चली गई। हादसे में जान गंवाने वालों में एक शिक्षक भी शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस गलत दिशा से आ रही थी और इसी दौरान उसने एक बाइक को टक्कर मार दी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम दर्री निवासी हरिशंकर चौहान, मोहर दास बैरागी और शिक्षक सेत कुमार पटेल एक ही बाइक पर सवार होकर किसी गांव में आयोजित रामसप्ताह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सामने से गलत दिशा में आ रही बस से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद बस छोड़कर भागा चालक
दुर्घटना की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर बस को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घटना की जानकारी मिलने पर मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
तीन मौतों से ग्रामीणों में आक्रोश
एक साथ तीन ग्रामीणों की मौत की खबर से दर्री गांव सहित आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे से नाराज लोगों द्वारा चक्काजाम किए जाने की तैयारी की भी जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों और बस चालक की लापरवाही को लेकर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।