सारंगढ़

महासमुंद/सांकरा :छुवालीपतेरा से सांकरा पहुंच रही थी अवैध शराब की खेप, पुलिस ने बाइक समेत आरोपी को पकड़ा,एक आरोपी की तलाश जारी

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | महासमुंद/सांकरा। जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सांकरा पुलिस ने ग्राम छुवालीपतेरा से महुआ शराब लेकर आ रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 10 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 22 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GX 6977 से अवैध महुआ शराब लेकर छुवालीपतेरा की ओर से सांकरा आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गुरु घासीदास चौक, सांकरा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोक लिया।

पूछताछ में बाइक सवार की पहचान बिरेंद्रनगर सांकरा निवासी देवसिंग सिदार (39 वर्ष) के रूप में हुई। मोटरसाइकिल पर रखे सफेद थैले की तलाशी लेने पर दो प्लास्टिक झिल्लियों में भरी 5-5 लीटर महुआ शराब, कुल 10 लीटर बरामद हुई। शराब की अनुमानित कीमत 2 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही करीब 20 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने शराब ग्राम छुवालीपतेरा निवासी भीखम भारती से लाना बताया। पुलिस ने देवसिंग सिदार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में नाम सामने आए दूसरे आरोपी भीखम भारती की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Back to top button