महासमुंद

महासमुंद जिले में मौसम की मार से किसान बेहाल, खेतों में खड़ी धान की फसल पर मंडराया नुकसान का खतरा

15 नवंबर से धान खरीदी शुरू, लेकिन कई किसानों की अब तक नहीं हो पाई कटाई; लगातार बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। महासमुंद। जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन दूसरी ओर मौसम की बेरुखी किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। जिले के बसना, सरायपाली, पिथौरा, तुमगांव, महासमुंद और बागबाहरा सहित कई क्षेत्रों में अनेक किसानों की धान की फसल अब तक खेतों में खड़ी है। कहीं फसल की कटाई शुरू नहीं हो पाई है तो कहीं कटाई के इंतजार में किसान मौसम साफ होने की राह देख रहे हैं।

पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी धान की फसल को लेकर किसान आशंकित हैं। बारिश के कारण खेतों में नमी और पानी भरने से कटाई का काम प्रभावित हो रहा है। वहीं जिन किसानों की फसल पककर तैयार हो चुकी है, उन्हें भी मौसम साफ होने का इंतजार करना पड़ रहा है।

किसानों का कहना है कि धान खरीदी तो 15 नवंबर से शुरू हो गई है, लेकिन प्राकृतिक परिस्थितियों के चलते अभी तक कई किसान अपनी उपज को काटकर तैयार नहीं कर पाए हैं। ऐसे में खरीदी केंद्रों में धान बेचने की तैयारी भी प्रभावित हो रही है। यदि इसी तरह लगातार बारिश होती रही तो खेतों में खड़ी धान की फसल खराब होने के साथ-साथ उसकी गुणवत्ता पर भी असर पड़ सकता है।

किसानों की सबसे बड़ी चिंता यह है कि बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहा तो पकी हुई धान की बालियां खेतों में ही खराब हो सकती हैं। इससे उत्पादन और आर्थिक नुकसान दोनों की आशंका बनी हुई है। पहले ही खेती में खाद, बीज, दवाइयों और मजदूरी पर काफी खर्च हो चुका है। ऐसे में फसल खराब होने का डर किसानों को परेशान कर रहा है।

किसानों ने बताया कि इस समय उन्हें मौसम की सबसे ज्यादा चिंता सता रही है। धान की कटाई और मिंजाई के लिए लगातार कुछ दिनों तक मौसम का साफ रहना जरूरी है। यदि बारिश थम जाती है तो किसान जल्द से जल्द अपनी फसल समेटकर खरीदी केंद्रों तक पहुंचा सकेंगे।

अब किसानों की निगाहें मौसम पर टिकी हुई हैं। किसानों को उम्मीद है कि जल्द ही बारिश थमेगी और धूप निकलने से खेतों में खड़ी फसल को सुरक्षित निकालने का मौका मिलेगा। वहीं लगातार बारिश के बीच किसानों को अपनी मेहनत की कमाई यानी धान की फसल को बचाने की चिंता सताने लगी है।

Back to top button