महासमुंद

महासमुंद : अवैध धान भंडारण पर जिला प्रशासन की कार्रवाई जारी, दो दिनों में 5 स्थानों से 1,425 पैकेट धान जब्त

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर राजस्व, मंडी एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़।महासमुंद। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने तथा अवैध धान के भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार विगत दो दिनों में जिले के विभिन्न तहसीलों में राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई करते हुए पांच स्थानों से कुल 1,425 पैकेट अवैध धान जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, तहसील कोमाखान के ग्राम दरबेकेरा निवासी प्रेमनाथ यादव की दुकान में लगभग 100 कट्टा अवैध धान का संग्रहण पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई कर धान मंडी विभाग के सुपुर्द किया गया।

इसी तरह तहसील पिथौरा के ग्राम तरेकेला में शंकर लाल नायक के निजी गोदाम में 650 पैकेट अवैध धान का भंडारण पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई। ग्राम सुखीपाली में व्यापारी शंभूलाल बारिक के निजी गोदाम से 75 पैकेट अवैध धान जब्त किया गया। वहीं ग्राम लोहारीनडोंगरी में कृषक श्रीराम पटेल के घर से ग्रीष्मकालीन धान के 300 पैकेट जब्त किए गए।इसके अतिरिक्त 19 नवम्बर को तहसील बसना के ग्राम गड़फुलझर में राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 300 पैकेट अवैध धान जब्त किया।

Also Read – सरायपाली: सड़क पर मौत बनकर दौड़ी KIA कार, शिक्षक कैलाश साहू की गई जान, बुजुर्ग महिला घायल, शिक्षक की मौत से गांव में मातम

जिला प्रशासन ने कहा है कि धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितता, अवैध भंडारण एवं परिवहन पर सतत निगरानी रखी जा रही है। इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध मंडी अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित खरीदी केंद्रों में ही अपना धान विक्रय करें तथा अवैध गतिविधियों से दूर रहें।

Back to top button