पिथौरा

पिथौरा में मोबाइल चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा: CCTV फुटेज की मदद से 19 वर्षीय युवती गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़।महासमुंद /पिथौरा। स्थानीय मेन मार्केट स्थित बंसल मोबाइल शॉप में हुई चोरी के मामले का पिथौरा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर ही पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से एक 19 वर्षीय युवती को चोरी के मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवती चोरी किए गए मोबाइल को बाजार में दोबारा खपाने की फिराक में घूम रही थी, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।

क्या है पूरा मामला?
पिथौरा थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 18 नवंबर 2026 को वार्ड नंबर 10 मेन मार्केट निवासी प्रार्थी अंकित बंसल (36 वर्ष), जो ‘बंसल मोबाइल शॉप’ के संचालक हैं, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर की दोपहर करीब दो बजे उनकी दुकान से रियलमी कंपनी का एक नीले रंग का मोबाइल (कीमती करीब 7,000 रुपये) कोई अज्ञात चोर चुरा ले गया है।

प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए थाना पिथौरा में अपराध क्रमांक 309/26, धारा 332(C), 305(a) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

CCTV फुटेज बना अहम सुराग
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मोबाइल दुकान और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज की बारीकी से जांच करने पर एक संदिग्ध युवती दुकान से मोबाइल चोरी करते हुए साफ नजर आई। बाजार में घूमते वक्त धरी गई आरोपिया पुलिस टीम को सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवती पिथौरा मार्केट में कुरैशी मोबाइल के आसपास घूम रही है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तुरंत मार्केट में तलाश कर उक्त युवती को थाने लाई। गवाहों की मौजूदगी में जब उससे पूछताछ की गई और सीसीटीवी फुटेज के चेहरे से मिलान किया गया, तो उसकी पहचान निरंका यादव (19 वर्ष), निवासी खैरखुटा (थाना पिथौरा, जिला महासमुंद) के रूप में हुई।

बैग की तलाशी में बरामद हुआ चोरी का फोन

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपिया ने बंसल मोबाइल शॉप से मोबाइल चोरी करने की बात कबूल की। उसने बताया कि चोरी किया गया फोन उसके बैग में ही रखा है। पुलिस ने आरोपिया की सहमति से उसके बैग की तलाशी ली, जिसके अंदर से चोरी गया रियलमी मोबाइल (IMEI No. 867777053650128/01) बरामद कर लिया गया।

मोबाइल की खरीदी-बिक्री से संबंधित कोई भी दस्तावेज पेश न कर पाने और अपराध स्वीकार करने पर पुलिस ने दिनांक 18 नवंबर 2026 को आरोपिया को गिरफ्तार कर लिया। मामला अजमानतीय होने के कारण उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की विवेचना जारी रखे हुए है।

गिरफ्तार आरोपिया:
निरंका यादव (पिता: सहदेव यादव, उम्र 19 वर्ष), निवासी- खैरखुटा, थाना पिथौरा, जिला महासमुंद।

बरामद मशरूका (सामग्री):
रियलमी कंपनी का एक मोबाइल (कीमती लगभग 7,000 रुपये)।

Back to top button