सरायपाली

सरायपाली: सड़क पर मौत बनकर दौड़ी KIA कार, शिक्षक कैलाश साहू की गई जान, बुजुर्ग महिला घायल, शिक्षक की मौत से गांव में मातम

नवरंगपुर-सारंगढ़ मार्ग पर हादसा, दुर्घटना के बाद कार छोड़कर चालक फरार

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | सरायपाली। नवरंगपुर-सारंगढ़ मार्ग पर तेज रफ्तार KIA कार की चपेट में आने से एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बसना ब्लॉक के ग्राम केवटापाली निवासी कैलाश साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला अंबिकाबाई साहू गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

मृतक केवटापाली निवासी कैलाश साहू

मिली जानकारी के अनुसार, कैलाश साहू शिक्षक थे और अचानकपुर में अध्यापन कार्य कर रहे थे। बताया जा रहा है कि नवरंगपुर-सारंगढ़ मार्ग पर KIA कार क्रमांक CG 04 QP 1854 के चालक ने कथित तौर पर तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पहले कैलाश साहू को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसी दौरान 65 वर्षीय अंबिकाबाई साहू भी कार की चपेट में आकर घायल हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद कार चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सरायपाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहन के आधार पर फरार चालक की तलाश में जुटी है।

घायल 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला अंबिकाबाई साहू

इस दर्दनाक हादसे की खबर से ग्राम केवटापाली सहित क्षेत्र में शोक की लहर है। एक शिक्षक की असामयिक मौत से परिजनों, परिचितों और क्षेत्रवासियों में गहरा दुख व्याप्त है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button