रायपुर

भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य की बढ़ीं मुश्किलें, ईडी ने 61 करोड़ की संपत्ति पर लिया कब्जा

शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई, चैतन्य ने अपीलीय ट्रिब्यूनल में दी चुनौती; 23 नवंबर को अगली सुनवाई

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दुर्ग जिले के जांजगीरी स्थित विट्ठल ग्रीन रियल एस्टेट प्रोजेक्ट के प्लॉटों पर कब्जे की कार्रवाई की है। ईडी के अनुसार, इस परियोजना में कथित तौर पर शराब घोटाले से अर्जित 18.90 करोड़ रुपये की राशि निवेश की गई थी।

ईडी की कार्रवाई 14 नवंबर को की गई। एजेंसी ने परियोजना से संबंधित संपत्तियों पर कब्जे का नोटिस चस्पा किया और सूचना बोर्ड भी लगाया। ईडी के मुताबिक, इस परियोजना का विकास चैतन्य बघेल की फर्म बघेल डेवलपर्स के माध्यम से किया गया था। एजेंसी ने परियोजना में कथित तौर पर अवैध कमाई के इस्तेमाल का आरोप लगाया है।

ईडी ने लगाया 18.90 करोड़ रुपये निवेश का आरोप
ईडी के अनुसार, कथित तौर पर परियोजना में लगाए गए 18.90 करोड़ रुपये में 10 करोड़ रुपये नकद और 8.90 करोड़ रुपये विभिन्न फर्मों के माध्यम से बैंक प्रविष्टियों के जरिए लगाए गए थे। जांच एजेंसी का आरोप है कि छत्तीसगढ़ में वर्ष 2019 से 2022 के बीच कथित शराब सिंडिकेट के माध्यम से बड़े पैमाने पर अवैध धन अर्जित किया गया था। एजेंसी ने इस मामले में 2,883 करोड़ रुपये से अधिक की कथित अपराध से अर्जित आय का दावा किया है।

कार्रवाई को चैतन्य ने दी चुनौती
ईडी की कार्रवाई के बाद चैतन्य बघेल ने दिल्ली स्थित पीएमएलए अपीलीय ट्रिब्यूनल में संपत्ति कुर्की और कब्जे की कार्रवाई को चुनौती दी है। ट्रिब्यूनल ने ईडी से जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 23 नवंबर को निर्धारित की गई है। चैतन्य की ओर से कार्रवाई को लेकर कानूनी आपत्तियां उठाई गई हैं।

गौरतलब है कि चैतन्य बघेल को जुलाई 2025 में ईडी ने गिरफ्तार किया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई। फिलहाल शराब घोटाले से जुड़े मामले में जांच और संपत्ति कुर्की को लेकर कानूनी प्रक्रिया जारी है। ईडी के आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है।

Back to top button