महासमुंद

महासमुंद जेल की सुरक्षा में बड़ी चूक, चार कैदी दीवार फांदकर फरार!

कंबल की रस्सी बनाकर दीवार फांदकर 4 कैदी फरार, पांचवां गिरा तो सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा; जिलेभर में नाकेबंदी कर पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी।

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल से आज तड़के सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जेल की ऊंची दीवार फांदकर 4 कैदी फरार हो गए। इस घटना के बाद से जेल प्रशासन और स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी ने इस जेल ब्रेक की घटना की पुष्टि की है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए जिले भर में नाकेबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।

सुबह 4 बजे दिया वारदात को अंजाम, कंबल का किया इस्तेमाल

मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना आज सुबह करीब 4 बजे की है, जब जेल परिसर में सन्नाटा पसरा हुआ था। जेल से भागने की फिराक में कुल पांच कैदी थे, जिन्होंने बेहद शातिर तरीके से जेल में ओढ़ने के लिए मिलने वाले कंबल को रस्सी की तरह इस्तेमाल किया और उसकी मदद से ऊंची दीवार पर चढ़ गए। इनमें से चार कैदी दीवार फांदकर बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि पांचवां कैदी दीवार पार करने के प्रयास में संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हरकत में आते हुए गिरने वाले पांचवें कैदी को दबोच लिया।

फरार कैदियों की पहचान और उन पर दर्ज मामले

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जेल प्रशासन से प्राप्त विवरण के मुताबिक, फरार होने वाले चारों कैदियों में से तीन गंभीर नशा तस्करी के मामलों में जेल में बंद थे, जबकि एक अन्य चोरी के आरोप में सजा काट रहा था:

महासमुंद जेल में पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना

महासमुंद जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी मई 2021 में दिनदहाड़े इसी जेल की ऊंची दीवार फांदकर 5 कैदी फरार हो गए थे। उस वक्त फरार होने वालों में एक आरोपी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले का निवासी था, जबकि शेष चार कैदी महासमुंद जिले के ही रहने वाले थे। उस बड़ी चूक के बाद तत्कालीन जेल प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्य प्रहरी समेत कुल चार जेल प्रहरियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।

पुलिस की टीमें गठित, संभावित ठिकानों पर दबिश

ताजा घटनाक्रम के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। फरार हुए चारों कैदियों के संभावित ठिकानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और जिले की सीमाओं पर पुलिस की विशेष टीमें तैनात कर दी गई हैं।

Back to top button