बसना : 42 हजार के कर्ज के बदले 160 खाली चेक और 48 स्टांप! सूदखोरी के आरोप में रायपुर से आरोपी गिरफ्तार
बसना पुलिस की मोवा स्थित डॉल्फिन प्लाजा में दबिश, 27 एटीएम-डेबिट कार्ड, 24 बैंक पासबुक और ब्याज के हिसाब की डायरियां जब्त

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ बसना। महज 42 हजार रुपए उधार देने के बदले खाली चेक, बैंक पासबुक और दस्तावेज अपने पास रखकर कथित रूप से भयादोहन एवं अवैध वसूली करने के मामले में बसना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा (53) के रायपुर स्थित डॉल्फिन प्लाजा, मोवा के फ्लैट में दबिश देकर तलाशी ली। इस दौरान विभिन्न व्यक्तियों के हस्ताक्षरयुक्त 160 खाली चेक, 48 खाली स्टांप, 9 ऋण पुस्तिका एवं जमीन के दस्तावेज, 27 एटीएम-डेबिट-क्रेडिट कार्ड, 24 बैंक पासबुक और ब्याज के लेन-देन का हिसाब रखने वाली डायरियां बरामद की गईं। पुलिस ने 1 लाख 20 हजार रुपए नकद सहित अन्य सामग्री भी जब्त की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बंसुलाडीपा निवासी विनोद चौहान ने अपनी गाड़ी बनवाने की जरूरत के चलते आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा से 42 हजार रुपए उधार लिए थे। यह रकम आरोपी ने विनोद के छोटे भाई पिताम्बर चौहान के बैंक खाते में जमा कराई थी। आरोप है कि रकम देने के दौरान औपचारिकता का हवाला देकर आरोपी ने दोनों भाइयों के हस्ताक्षरयुक्त खाली बैंक चेक, बैंक पासबुक और आधार कार्ड की प्रतियां अपने पास रख ली थीं।
फोन-पे से 40 हजार और सामान बिकवाकर 25 हजार वसूले
शिकायत के मुताबिक, कर्ज की रकम चुकाने के लिए आरोपी ने घर पर लोगों को भेजकर और फोन पर धमकाकर दबाव बनाया। इस दौरान छोटे भाई के फोन-पे से आठ महीने में करीब 40 हजार रुपए वसूले गए। इसके अलावा घर के बर्तन और सोना-चांदी बिकवाकर 25 हजार रुपए नकद भी लिए गए। इस तरह पीड़ित से मूलधन 42 हजार रुपए से अधिक रकम वसूले जाने का आरोप है।
पीड़ित का आरोप है कि पूरी रकम चुकाने के बावजूद आरोपी ने उसके खाली चेक वापस नहीं किए। इतना ही नहीं, आरोपी घर में घुसकर कैंसर पीड़ित मां के सामने गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी दी। चेक में मनमानी रकम भरकर अलग-अलग न्यायालयों में प्रकरण दर्ज कराने और परिवार को बर्बाद करने की धमकी देकर भयादोहन किए जाने की शिकायत भी पुलिस से की गई थी।
रायपुर के फ्लैट में दबिश, दस्तावेजों का मिला बड़ा जखीरा
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बसना पुलिस ने 13 नवंबर को रायपुर के डॉल्फिन प्लाजा स्थित फ्लैट क्रमांक A-302 में दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को अलग-अलग व्यक्तियों के हस्ताक्षरयुक्त खाली चेक, स्टांप पेपर, जमीन के दस्तावेज, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और ब्याज के लेन-देन का हिसाब रखने वाली डायरियां मिलीं। पुलिस ने सभी सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार, बरामद दस्तावेजों में कई व्यक्तियों के बैंकिंग और जमीन संबंधी कागजात शामिल हैं। अब इन दस्तावेजों और बैंक खातों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी के पास ये दस्तावेज किन लोगों के हैं और इनके जरिए कहीं अन्य लोगों से भी अवैध वसूली तो नहीं की गई।
अवैध सूदखोरी के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा पिता स्व. गुरुदयाल सिंह छाबड़ा, उम्र 53 वर्ष, निवासी डॉल्फिन प्लाजा, मोवा, रायपुर (स्थायी निवासी वार्ड क्रमांक 10, बसना) के विरुद्ध थाना बसना में अपराध क्रमांक 636/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 296, 351(2) एवं छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को 13 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।
जब्त सामग्री: 160 हस्ताक्षरयुक्त खाली चेक, 48 हस्ताक्षरयुक्त खाली स्टांप, 9 ऋण पुस्तिका एवं जमीन के दस्तावेज, 27 एटीएम/डेबिट/क्रेडिट कार्ड, 24 बैंक पासबुक, 2 डायरियां, 2 नोट कॉपियां, 1 लाख 20 हजार रुपए नकद, मोबाइल फोन और नकदी जमा बैंक पर्चियां।