महादेव सट्टा एप मामले में बड़ा घटनाक्रम, प्रमोटर सौरभ चंद्राकर कोर्ट में पेश

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को प्रोडक्शन वारंट के आधार पर अदालत में पेश किया है। इस पेशी के बाद मामले में पूछताछ को लेकर हलचल तेज हो गई है।
मीडिया से जानकारी के अनुसार, सीबीआई कोर्ट से आवेदन खारिज होने के बाद ईडी ने पीएमएलए (PMLA) विशेष अदालत में आवेदन प्रस्तुत किया था। इसके बाद सौरभ चंद्राकर को अदालत के समक्ष पेश किया गया।
बताया जा रहा है कि ईडी इस मामले में सौरभ चंद्राकर से विस्तृत पूछताछ करना चाहती है। इसके लिए जांच एजेंसी अदालत से कस्टोडियल रिमांड की मांग कर सकती है। यदि अदालत से रिमांड मंजूर होती है, तो महादेव सट्टा एप से जुड़े वित्तीय लेन-देन और अन्य अहम पहलुओं पर पूछताछ की जा सकती है।
फिलहाल सभी की नजरें अदालत के फैसले पर टिकी हुई हैं। इस मामले में आगे होने वाली कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।