बसना/भंवरपुर: बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा था युवक, भंवरपुर पुलिस ने 24 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा
कुरमाडीह रोड किनारे घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी को दबोचा, 4,800 रुपये की अवैध शराब जब्त; आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | बसना/भंवरपुर। अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में भंवरपुर चौकी पुलिस ने ग्राम कुरमाडीह जाने वाले मार्ग के किनारे दबिश देकर एक युवक को 24 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब के साथ पकड़ा है। जब्त शराब की कीमत करीब 4,800 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को प्रधान आरक्षक वृंदावन भोई हमराह स्टाफ के साथ अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के लिए क्षेत्र में रवाना हुए थे। इसी दौरान ग्राम जमदरहा के पास मुखबिर से सूचना मिली कि कुरमाडीह रोड किनारे एक व्यक्ति महुआ शराब बिक्री के लिए रखकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है।
सूचना पर पुलिस ने गवाहों को साथ लेकर बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान अजीत सिदार (30 वर्ष), निवासी ग्राम कुरमाडीह के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास रखे दो सफेद प्लास्टिक जरीकेन बरामद हुए। इनमें एक 20 लीटर क्षमता वाले जरीकेन में 20 लीटर तथा दूसरे 5 लीटर क्षमता वाले जरीकेन में 4 लीटर महुआ शराब भरी हुई थी। इस तरह कुल 24 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी से शराब रखने और बिक्री करने के संबंध में वैध दस्तावेज एवं लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों के समक्ष शराब जब्त कर सीलबंद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी अजीत सिदार के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू की है।