सरायपाली

सरायपाली: बहू से विवाद के बीच मां पर डंडे से हमला, सिर में आई चोट,जेठ-जेठानी पर मारपीट और धमकी देने का आरोप

पतेरापाली में घर के सामने हुआ विवाद, बेटी को बचाने पहुंची मां के सिर पर डंडे से वार करने की शिकायत

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | सरायपाली। थाना सरायपाली क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 04 डोंगरी प्लाट पतेरापाली में पारिवारिक विवाद के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। एक महिला ने अपनी जेठानी पर बाल पकड़कर खींचने और हाथ-मुक्कों से मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां के सिर पर जेठ द्वारा डंडे से वार कर घायल करने की शिकायत दर्ज कराई गई है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, सविता यादव 10 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे अपनी चाची रिंकी पात्रो के घर के सामने उनसे बातचीत कर रही थी। इसी दौरान उसकी जेठानी अनिता यादव वहां पहुंची और अपने छोटे बेटे को इधर-उधर बोलकर गाली देने की बात को लेकर विवाद करने लगी। सविता ने गाली-गलौज करने से इनकार किया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि जेठानी अनिता यादव ने उसके साथ धक्का-मुक्की करते हुए बाल पकड़कर खींचना शुरू कर दिया। इसी बीच उसका पति राजू यादव भी मौके पर पहुंच गया और गाली-गलौज करने लगा।

विवाद देखकर सविता की मां सावित्री पात्रो बीच-बचाव करने पहुंचीं। आरोप है कि इस दौरान राजू यादव ने सावित्री पात्रो को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने हाथ में रखे डंडे से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे उन्हें चोट आई। वहीं, अनिता यादव द्वारा हाथ-मुक्कों से मारपीट किए जाने के कारण सविता के गर्दन में दर्द होने की बात शिकायत में कही गई है।

पुलिस ने सविता यादव की शिकायत के आधार पर अनिता यादव और राजू यादव के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।

Back to top button