सरायपाली

सरायपाली: चावल की बोरियों के बीच छिपाकर ले जा रहे थे 120.960 किलो गांजा, कंटेनर समेत दो तस्कर गिरफ्तार

खम्हारपाली आरटीओ बैरियर के पास ANTF और सरायपाली पुलिस की कार्रवाई, एक करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ सरायपाली। ओडिशा से गांजा लेकर रायपुर की ओर जा रहे एक कंटेनर को खम्हारपाली आरटीओ बैरियर के पास रोककर 120.960 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को कंटेनर में लदी चावल की बोरियों के बीच छिपाकर रखा था। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और थाना सरायपाली पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कंटेनर में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 60 लाख 48 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने गांजा, कंटेनर और मोबाइल सहित एक करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर को सरायपाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंटेनर क्रमांक WB 19 L 3059 में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ओडिशा से खम्हारपाली बैरियर होते हुए सरायपाली के रास्ते रायपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही ANTF और थाना सरायपाली की टीम ने खम्हारपाली आरटीओ बैरियर के पास घेराबंदी कर कंटेनर का इंतजार शुरू किया।

कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए और वाहन नंबर के आधार पर कंटेनर को रोककर उसमें सवार लोगों से पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम अमनदीप (27), निवासी लोहन्दा, सुजानगंज, जिला जौनपुर (उत्तरप्रदेश) और लल्लू यादव (24), निवासी हटिया रामनाथ, थाना सुजानगंज, जिला जौनपुर (उत्तरप्रदेश) बताया।

चावल की बोरियों के बीच छिपा था गांजा
पुलिस ने कंटेनर में रखे सामान के संबंध में पूछताछ की तो आरोपियों ने चावल की बोरियां होना बताया। संदेह होने पर गवाहों की मौजूदगी में कंटेनर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान करीब 300 बोरी चावल के बीच चार बोरियों में छिपाकर रखे गए 117 पैकेट गांजा बरामद हुए। तौल करने पर गांजे का कुल वजन 120.960 किलोग्राम निकला, जिसकी अनुमानित कीमत 60 लाख 48 हजार रुपए है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सरायपाली में अपराध क्रमांक 376/2026, धारा 20 बी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

सोर्स से डेस्टिनेशन तक नेटवर्क की जांच
पुलिस अब गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है। मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं। गांजा कहां से लाया गया, किससे खरीदा गया और रायपुर के बाद इसे कहां पहुंचाया जाना था, इस संबंध में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सोर्स प्वाइंट से लेकर डेस्टिनेशन तक तस्करी की प्रत्येक कड़ी को जांच के दायरे में लिया जा रहा है।

जब्त सामग्री:
120.960 किलो गांजा — कीमत 60.48 लाख रुपए
कंटेनर वाहन क्रमांक WB 19 L 3059 — कीमत करीब 30 लाख रुपए
2 मोबाइल फोन — कीमत करीब 10 हजार रुपए
कुल जब्ती — एक करोड़ रुपए से अधिक

Back to top button