बसना/भंवरपुर: शादी समारोह के बाद विवाद ने लिया तूल, घर पहुंचकर युवक समेत परिवार के तीन सदस्यों से मारपीट

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ बसना/भंवरपुर। थाना बसना की चौकी भंवरपुर क्षेत्र के ग्राम पड़कीपाली में शादी समारोह के बाद हुए विवाद को लेकर एक परिवार के तीन सदस्यों से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार कुछ लोगों ने घर पहुंचकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के व डंडे से मारपीट की। घटना में पति-पत्नी और उनके पुत्र को चोटें आने की बात कही गई है। मामले में भंवरपुर पुलिस ने धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस को दी गई शिकायत में ग्राम पड़कीपाली निवासी 57 वर्षीय धरम सिंह सिदार ने बताया कि 30 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे गांव में शादी कार्यक्रम था। शादी कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रोहित खड़िया के घर पर मरुआ झरन के लिए लाए गए बायलर में वह सब्जी बनाने का काम कर रहा था। इसी दौरान गांव के अजय सिदार ने कथित तौर पर बायलर में बनी सब्जी गिराने की बात कही।
शिकायत के अनुसार, इस बात पर धरम सिंह ने जब आपत्ति जताई तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद धरम सिंह अपने घर लौट आया। आरोप है कि कुछ देर बाद अजय सिदार, छोटू उर्फ उजाला, ठंडू खड़िया तथा अन्य साथी उसके घर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद हाथ-मुक्के और डंडे से मारपीट किए जाने का आरोप है।
धरम सिंह के अनुसार मारपीट में उसके बाएं हाथ और माथे में चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पुत्र नीलेन्द्र सिंह के बाएं गाल, माथे और पीठ के पीछे चोट लगने की बात कही गई है। वहीं पत्नी मालती सिदार के बाएं माथे और बाएं कोहनी में चोट आने का उल्लेख शिकायत में किया गया है।
घटना के बाद परिवार ने डायल-112 को सूचना दी। पुलिस वाहन से सभी को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली ले जाया गया, जहां उपचार कराया गया। शिकायतकर्ता ने घटना को अपनी पत्नी मालती सिदार, पुत्र नीलेन्द्र तथा बहू पुनीमती सिदार द्वारा देखे जाने की बात कही है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों एवं अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। घटना के वास्तविक कारण और मारपीट की परिस्थितियों का खुलासा पुलिस जांच के बाद होगा।