महासमुंद

तालाब किनारे जुआ खेलते 11 आरोपी गिरफ्तार, 2.06 लाख की संपत्ति जब्त

फड़ पर हार-जीत का दांव लगाते पकड़े गए जुआरी, 2,190 रुपये नगद, 6 मोबाइल और 9 दोपहिया वाहन जब्त

छत्तीसगढ़ भूमि महासमुंद। शहर के गुडरूपारा तालाब किनारे देर रात जुआ खेल रहे 11 लोगों को सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। मौके से नगदी, मोबाइल फोन, दोपहिया वाहन और ताश की गड्डी सहित कुल 2 लाख 6 हजार 250 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक 1 नवंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुडरूपारा तालाब के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर प्रशिक्षु उपनिरीक्षक घनश्याम वर्मा के नेतृत्व में साइबर सेल एवं सिटी कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की।

मौके से रोहन विश्वकर्मा, आयुष नामदेव, कोमल सिन्हा, मिथलेश पोल, टेकराम कनौज, करण जलक्षत्री, उदय यादव, सोनू कनौज्जे, अमित धीवर, मोहित कुमार यदु और रविकांत बजाज को पकड़ा गया।

नगदी, मोबाइल और वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 2,190 रुपये नगद, अलग-अलग कंपनियों के 6 मोबाइल फोन, 52 पत्ती ताश का एक पैकेट और एक प्लास्टिक बोरी जब्त की। इसके अलावा मौके से 9 दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त संपत्ति की कुल कीमत 2,06,250 रुपये है। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद गवाहों के समक्ष जब्ती की कार्रवाई पूरी की गई।

जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) तथा BNS की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। मामले की विवेचना जारी है।

Back to top button