महासमुंद

नाली में पानी डालने को लेकर विवाद, बुजुर्ग महिला से मारपीट

खैरा में युवक पर गाली-गलौज कर बाल पकड़कर जमीन पर गिराने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ महासमुंद/खैरा। ग्राम खैरा के वार्ड क्रमांक 12 चंद्राकर पारा में नाली में पानी डालने को लेकर विवाद के बाद एक बुजुर्ग महिला से मारपीट का मामला सामने आया है। महिला ने एक युवक पर गाली-गलौज करते हुए बाल पकड़कर हाथ-मुक्कों से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना में महिला के पीठ और दोनों हाथों की कोहनी में चोट आने की बात शिकायत में कही गई है।

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, बुजुर्ग महिला 31 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 बजे घर से बाल्टी में पानी लेकर बाहर गली की नाली में मुंह धो रही थीं। इसी दौरान शुभम चंद्राकर वहां पहुंचा और नाली में पानी डालने को लेकर आपत्ति जताते हुए कथित रूप से गाली-गलौज करने लगा।

शिकायतकर्ता के अनुसार, मना करने के बावजूद युवक ने रोज नाली में आकर मुंह धोने और पानी डालने की बात कहते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद कथित रूप से महिला के बाल पकड़कर हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे वह जमीन पर गिर गईं। मारपीट में उनकी पीठ तथा दोनों हाथों की कोहनी में चोट आई।

घटना के दौरान श्रीमती गंगा चंद्राकर और उनके पति जैलू चंद्राकर के मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव करने की बात भी शिकायत में कही गई है।

महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 296 एवं 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Back to top button