बसना

बसना में 49 नग नशीली सिरप जब्त, दो युवक गिरफ्तार, एक विधि से संघर्षरत बालक भी मिला

पलसापाली बेरियर पर संदिग्ध वाहन जांच के दौरान कार्रवाई, 4,900 एमएल नशीली सिरप और बाइक समेत करीब 59,968 रुपये का माल जब्त

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ बसना। अवैध नशीली दवाओं के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत बसना पुलिस ने पलसापाली बेरियर पर संदिग्ध वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ओडिशा की ओर से आ रहे तीन लोगों के कब्जे से कोडीन फॉस्फेट एवं ट्रिप्रोलिडिन हाइड्रोक्लोराइड युक्त 49 नग नशीली कफ सिरप बरामद की है। बरामद सिरप की कुल मात्रा 4,900 एमएल और कीमत 9,968 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को PSI अंजली प्रधान पुलिस टीम के साथ पलसापाली बेरियर पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थीं। इसी दौरान ओडिशा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर तीन लोग आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उनके द्वारा वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया गया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान संदेह होने पर पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया के तहत तलाशी ली। तलाशी में एक महरून रंग के पिट्टू बैग से Wincerex Cough Syrup बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक बैग में 100-100 एमएल की कुल 49 शीशियां थीं। इनमें एक बैच की 22 और दूसरे बैच की 27 शीशियां शामिल थीं।

पुलिस ने आरोपियों से नशीली दवाओं को रखने और परिवहन करने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई लाइसेंस या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद पुलिस ने नशीली सिरप को जब्त कर सीलबंद किया।

बाइक समेत 59,968 रुपये का माल जब्त
पुलिस ने 49 नग नशीली सिरप कीमती 9,968 रुपये के साथ परिवहन में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG04 PM 3362, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है, को भी जब्त किया है। इस तरह कुल जब्ती की कीमत करीब 59,968 रुपये है।

मामले में दो वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में नशीली सिरप ओडिशा से खरीदकर रायपुर में बिक्री के लिए ले जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि नशीली दवाओं की आपूर्ति कहां से हुई और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

Back to top button