बसना

बसना: सेंट स्टीफन्स मॉडल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी: नन्हे वैज्ञानिकों ने लाइव केमिकल रिएक्शन और 3D मॉडल्स से किया चकित

​​डॉ. होमी जहाँगीर भाभा की जयंती पर विद्यार्थियों ने प्रदर्शित की अनूठी वैज्ञानिक सोच

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ बसना । बसना से लगे जगदीशपुर स्थित सेंट स्टीफन्स मॉडल स्कूल में शुक्रवार, को महान वैज्ञानिक व भारतीय परमाणु कार्यक्रम के जनक डॉ. होमी जहाँगीर भाभा की जयंती के अवसर पर भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में विद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मक वैज्ञानिक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
​ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अजय कुमार भोई (नोडल ऑफिसर, साइंस डिपार्टमेंट, बसना) रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रेमचंद साव (असिस्टेंट नोडल ऑफिसर) एवं बैतेल हॉस्पिटल, रसोडा के संचालक डॉ. तुषार कांति नायक उपस्थित रहे। अतिथियों ने फीता काटकर व दीप प्रज्वलित कर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।

​लाइव केमिस्ट्री प्रयोग और तकनीकी मॉडल्स रहे आकर्षण का केंद्र

प्रदर्शनी में केवल स्थिर मॉडल्स ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों द्वारा किए गए जीवंत प्रयोग विशेष चर्चा में रहे। विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों ने विभिन्न बीकर, फ्लास्क और रसायनों की मदद से लाइव केमिकल रिएक्शंस और रंग-परिवर्तन के प्रयोगों का प्रदर्शन कर दर्शकों को हैरान कर दिया। इसके अलावा 3D होलोग्राम, हैंडमेड प्रोजेक्टर, वाटर डिस्पेंसर, हाइड्रोलिक ब्रिज, मैग्नेटिक लेविटेशन, फ्लड अलर्ट सिस्टम और आर्टिफिशियल सैटेलाइट के मॉडल्स ने खूब तालियां बटोरीं। छात्रों ने भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट सिटी, स्मार्ट विलेज, स्मार्ट एग्रीकल्चर, स्मार्ट ब्रिज और स्मार्ट डस्टबिन की कार्यप्रणाली को विस्तार से समझाया। खगोल विज्ञान में रुचि रखने वाले बच्चों ने सोलर सिस्टम, मिल्की वे गैलेक्सी और टेलिस्कोप से अंतरिक्ष की दुनिया को सरल रूप में प्रस्तुत किया।

​अतिथियों ने बढ़ाया हौसला

विद्यार्थियों के नवाचार का अवलोकन करते हुए मुख्य अतिथि अजय कुमार भोई ने कहा, आज के परिवेश में बच्चों को केवल किताबों तक सीमित न रखकर इस तरह प्रयोगशाला और व्यावहारिक विज्ञान से जोड़ना बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत लाइव रासायनिक प्रयोग और स्मार्ट तकनीक के प्रोजेक्ट्स यह साबित करते हैं कि बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण गहराई से विकसित हो रहा है। डॉ. होमी भाभा के दिखाए मार्ग पर चलकर ये नन्हे वैज्ञानिक आगे चलकर देश और समाज को नई दिशा देंगे। विशिष्ट अतिथियों और बड़ी संख्या में पहुंचे अभिभावकों ने भी आयोजन और विद्यार्थियों के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की।

​प्राचार्य ने व्यक्त किया आभार
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य बिजय दास ने सभी छात्र-छात्राओं के उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, अभिभावकों, विज्ञान शिक्षकों तथा विद्यालय के समस्त कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

Back to top button