बसना: हड़ताल के बीच आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र की प्रक्रिया प्रभावित न हो, तहसीलदार ने राजस्व निरीक्षकों को सौंपी जिम्मेदारी

बसना। छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहने के कारण आवेदकों के आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र के प्रतिवेदन तैयार करने में आ रही समस्या को देखते हुए तहसीलदार बसना ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। तहसीलदार द्वारा 23 अक्टूबर को जारी आदेश में तहसील बसना के राजस्व निरीक्षकों को आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र के प्रतिवेदन तैयार करने के लिए अधिकृत किया गया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि पटवारियों के कार्य में वापस उपस्थित होने तक राजस्व निरीक्षक आवेदकों के आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र संबंधी प्रतिवेदन तैयार करेंगे। इसका उद्देश्य प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखना और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाना है।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था तत्काल प्रभावशील होगी। आदेश की प्रतिलिपि कलेक्टर महासमुंद, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बसना तथा नायब तहसीलदार बसना एवं भंवरपुर को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।