बसना: नाबालिग से दुष्कर्म और एक्सटॉर्शन मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार
12 घंटे के भीतर दो मुख्य आरोपी सहित तीन सह-आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े, पॉक्सो व गंभीर धाराओं में भेजे गए जेल

बसना। थाना बसना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और एक्सटॉर्शन के गंभीर मामले में महासमुंद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो मुख्य आरोपी और तीन सह-आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक महासमुंद कार्यालय से 16 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, थाना बसना में नाबालिग पीड़िता से संबंधित मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तेजी से जांच और कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, प्रकरण में दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, एक्सटॉर्शन, आपराधिक धमकी एवं इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से संबंधित गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामले में धारा 4-CHL, 6-CHL, 66E-LCG, 67-LCG, 67A-LCG, 308(2), 351(2), 64(1), 77 एवं 79 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
महासमुंद पुलिस के अनुसार मामले में कानूनी कार्रवाई और अग्रिम विवेचना जारी है। पुलिस ने संकेत दिया है कि प्रकरण से जुड़ी संपूर्ण जानकारी जांच की प्रगति के आधार पर पृथक रूप से जारी की जाएगी।