बसना
बसना: ग्वालियर में होने वाली अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में दम दिखाएंगे बसना के 17 खिलाड़ी, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने दी शुभकामनाएं

बसना। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बसना के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर राष्ट्रीय पटल पर स्थान बनाकर अंचल को गौरवान्वित किया है। मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक नगर ग्वालियर स्थित केदार धाम में 22 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय खेल महाकुंभ में विद्यालय के कुल 17 खिलाड़ियों का चयन हुआ है।
राष्ट्रीय स्तर की इस अहम स्पर्धा के लिए रवाना होने से पूर्व सभी चयनित प्रतिभागी खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन के प्रतिनिधियों ने बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल से सौजन्य भेंट कर उनका मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त किया। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने सभी होनहार खिलाड़ियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं दीं और उनके स्वर्णिम भविष्य की कामना की।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि हमारे बसना अंचल के बच्चों और युवाओं में असीम प्रतिभा छुपी हुई है। सीमित संसाधनों के बावजूद जब हमारे बच्चे राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचते हैं, तो यह संपूर्ण क्षेत्र के लिए गर्व का विषय होता है। खेल केवल हार-जीत का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन में मानसिक दृढ़ता, शारीरिक सौष्ठव, टीम भावना और अनुशासन का संचार करता है।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने खिलाड़ियों में नया जोश भरते हुए कहा कि मैदान पर परिणाम की चिंता किए बिना अपना शत-प्रतिशत योगदान दें। जीत और हार एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, लेकिन आपका खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना ऐसी होनी चाहिए कि पूरा देश आपके समर्पण की सराहना करे। मुझे पूर्ण विश्वास है कि ग्वालियर की धरती पर हमारे यह 17 खिलाड़ी अपने उत्कृष्ट खेल से बसना नगर, विद्यालय और पूरे छत्तीसगढ़ का परचम लहराएंगे।
इस अवसर पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने विद्यालय प्रबंधन, आचार्यों एवं खेल प्रशिक्षकों के समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ संस्कार और खेल के क्षेत्र में बच्चों को तराशने का जो कार्य सरस्वती शिशु मंदिर परिवार कर रहा है, वह अनुकरणीय है। प्रशिक्षकों के सही मार्गदर्शन और बच्चों के अथक परिश्रम के समन्वय से ही इस प्रकार के सुखद परिणाम सामने आते हैं।
गौरतलब है कि सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बसना के खिलाड़ियों ने पूर्व में आयोजित क्षेत्रीय स्तर की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में अपने शानदार कौशल, समन्वय और अनुशासन का परिचय देते हुए यह ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। क्षेत्रीय स्पर्धा में शानदार जीत दर्ज करने के बाद विद्यालय के कुल 17 खिलाड़ियों ने अखिल भारतीय स्तर पर अपना चयन पक्का किया। इस दल में 17 वर्ष आयु वर्ग के 3 बालक खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है। वही 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग से 2 अलग-अलग टीमों का चयन किया गया है, जो राष्ट्रीय मंच पर अपनी चुनौती पेश करेंगी।
भेंट के दौरान सभी 17 खिलाड़ियों के चेहरों पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता को लेकर भारी उत्साह और उमंग देखी गई। खिलाड़ियों ने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय स्पर्धा में जीत के संकल्प के साथ ग्वालियर रवाना होने का विश्वास दिलाया। इस दौरान विद्यालय परिवार के प्रमुख प्रतिनिधि, खेल प्रशिक्षक तथा खेलप्रेमी उपस्थित रहे।