बसना

महासमुंद पुलिस की तीन जगह छापेमारी, 91 लीटर महुआ शराब जब्त,बसना सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

बसना, बागबाहरा और पिथौरा में कार्रवाई, शराब बनाने के बर्तन व ड्रम सहित 19,700 रुपये की संपत्ति जब्त

महासमुंद। जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी की। पुलिस की इस कार्रवाई में कुल 91 लीटर देशी हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 18 हजार 200 रुपये बताई गई है। वहीं शराब बनाने में प्रयुक्त बर्तन और प्लास्टिक ड्रम सहित कुल 19 हजार 700 रुपये की संपत्ति जब्त की गई। पुलिस ने तीन मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस अनुसार अवैध शराब बनाने, बेचने और परिवहन करने वालों के विरुद्ध जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 7 अक्टूबर को बसना, बागबाहरा और पिथौरा पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की।

बसना के वार्ड क्रमांक 12 में 75 लीटर महुआ शराब जब्त
बसना पुलिस को सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 12 में एक खंडहर मकान में अवैध रूप से महुआ शराब बनाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी। पुलिस के अनुसार, मौके से संजय चतुर्वेदी (36 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 12, बसना को पकड़ा गया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 75 लीटर देशी हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत 15 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली दो एल्युमिनियम गंजी और एक खाली नीला प्लास्टिक ड्रम भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में कुल 16 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

बागबाहरा हरनादादर में 10 लीटर महुआ शराब बरामद
दूसरी कार्रवाई बागबाहरा थाना क्षेत्र के ग्राम हरनादादर में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि शेरसिंह (35 वर्ष), निवासी हरनादादर, अपने घर-बाड़ी में बिक्री के लिए अवैध महुआ शराब रखे हुए है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, जहां से 10 लीटर देशी हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद हुई। इसकी कीमत दो हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 205/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की।

लाखागढ़ में छह लीटर महुआ शराब जब्त
तीसरी कार्रवाई पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम लाखागढ़ में दुर्गा मंदिर के पास की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि रवि शंकर प्रजापति (22 वर्ष) अपने घर में बिक्री के लिए महुआ शराब रखे हुए है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर तलाशी ली, जहां से छह लीटर देशी हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत 1,200 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 258/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की।

अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी
महासमुंद पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। तीनों मामलों में जब्त शराब और अन्य सामग्री की कुल कीमत 19 हजार 700 रुपये बताई गई है।

Back to top button