महासमुंद

महासमुंद: बिना लाइसेंस चल रहा था अस्पताल, डॉक्टर-नर्स के बिना भर्ती मिले ऑपरेशन के मरीज; आंचल नर्सिंग होम सील

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | महासमुंद। जिले में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) महासमुंद के निर्देशानुसार नर्सिंग होम एक्ट निरीक्षण दल ने कोमाखान स्थित ‘आंचल नर्सिंग होम’ को नियमों के उल्लंघन एवं बिना वैध लाइसेंस के संचालन के चलते तत्काल प्रभाव से सील बंद कर दिया है।

औचक निरीक्षण में खुले चौंकाने वाले तथ्य
स्वास्थ्य विभाग को जानकारी प्राप्त हुई थी कि कोमाखान क्षेत्र में बिना नर्सिंग होम एक्ट लाइसेंस के ‘आंचल नर्सिंग होम’ का संचालन किया जा रहा है। इस पर सीएमएचओ के निर्देशानुसार नर्सिंग होम एक्ट के निरीक्षण दल द्वारा उक्त अस्पताल का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान दल ने पाया कि अस्पताल में एक मरीज का सिजेरियन ऑपरेशन (LSCS) किया गया था तथा एक नसबंदी (Tubectomy) की मरीज वहां भर्ती थी। हैरानी की बात यह रही कि निरीक्षण के समय अस्पताल में न तो कोई योग्य चिकित्सक मौजूद था और न ही कोई प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ उपस्थित था।

8 माह से ओपीडी और 4 माह से चल रहा था अवैध अस्पताल
जांच दल द्वारा दस्तावेजों की मांग किए जाने पर अस्पताल प्रबंधन कोई भी वैध पंजीयन या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। मौके पर लिए गए कथन में प्रबंधन द्वारा यह स्वीकार किया गया कि वे बिना किसी वैध दस्तावेज के पिछले 8 माह से ओपीडी (OPD) का संचालन कर रहे हैं तथा विगत 4 माह से मरीजों को भर्ती कर ऑपरेशन व उपचार कार्य किया जा रहा था।

नोटिस के बाद की गई सीलबंदी की कार्रवाई
निरीक्षण दल द्वारा तत्काल इसका जांच एवं पालन प्रतिवेदन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, महासमुंद को सौंपा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ द्वारा संबंधित संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। संतोषजनक जवाब एवं वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने के फलस्वरूप आज स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर ‘आंचल नर्सिंग होम’ को विधिवत सील बंद करने की कार्रवाई की गई।

Back to top button