महासमुंद : सहकारी समितियों के माध्यम से होगी कोदो कुटकी एवं रागी फसलों की खरीदी
उपार्जन की निर्धारित अवधि 15 दिसम्बर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। महासमुंद। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित मार्कफेड एवं राज्य नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा खरीफ वर्ष 2026 में लघु धान्य मिलेट्स श्री अन्न, कोदो, कुटकी एवं रागी का उपार्जन की प्रक्रिया धान उपार्जन हेतु अपनाई जाने वाली प्रचलित व्यवस्था, राशि की व्यवस्था तथा उपार्जन मात्रा का सुरक्षित रख रखाव एवं उठाव किया जाएगा।
उप संचालक कृषि एफ.आर. कश्यप ने बताया कि जिले में उपार्जन केन्द्रों में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति पिटियाझर, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति सिर्रीपठारीमुडा, कृषि उपज मंडी पिथौरा, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति भंवरपुर एवं प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति सरायपाली का चयन किया गया है।
कोदो कुटकी एवं रागी के उपार्जन हेतु कृषकों का पंजीयन एकीकृत किसान पोर्टल पर होने तथा रकबा सत्यापन एग्रीस्टेक एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे से होने की स्थिति में उपार्जन हेतु कृषकों की पात्रता निर्धारित करने तथा जिन क्षेत्रों में रकबे की पुष्टि हेतु डीसीएस डाटा उपलब्ध नहीं है वहां संबंधित फसल रकबे का सत्यापन राजस्व विभाग द्वारा गिरदावरी के माध्यम से किए जाने को भी पात्रता निर्धारण के लिए मान्य की जाएगी।
खरीफ 2026 में उत्पादित लघु धान्य फसलों की उपार्जित मात्रा कोदो. 3.50 क्विंटल प्रति एकड़, कुटकी 2 क्विंटल प्रति एकड़ एवं रागी 3.50 क्विंटल प्रति एकड़ क्रय किया जाएगा। लघु धान्य मिलेट्स कोदो, कुटकी एवं रागी का उपार्जन की निर्धारित अवधि 15 दिसम्बर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक किया जाएगा।
उप संचालक कृषि एफ. आर. कश्यप ने किसानों से अपील की है कि कोदो, कुटकी एवं रागी उत्पादक किसान एकीकृत किसान पोर्टल के माध्यम से पंजीयन कराएं तथा शासन से घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य कोदो 3200 रुपए प्रति क्विंटल, कुटकी 3350 रुपए प्रति क्विंटल तथा रागी 5205 रुपए प्रति क्विंटल की दर से उपार्जन की जाएगी।