पिथौरा

पिथौरा : अवैध महुआ शराब भट्ठी मामले में पिथौरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फरार दो आरोपी गिरफ्तार,एक की तलाश जारी

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। पिथौरा। ग्राम किशनपुर के कंतरा नाला के पास अवैध महुआ शराब बनाने के मामले में पिथौरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सितंबर में यहां संचालित शराब बनाने की भट्ठी पर छापा मारकर 50 लीटर महुआ शराब और शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन जब्त किए थे। इस मामले में पहले एक आरोपी पकड़ा गया था, जबकि तीन लोग मौके से भाग निकले थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि ग्राम किशनपुर के कंतरा नाला के समीप कुछ लोग आग जलाकर हाथ भट्ठी से महुआ शराब तैयार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पिथौरा पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान कुरकुरी निवासी सुखराम बरिहा (45 वर्ष) को पकड़ लिया गया, जबकि तीन अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।

तलाशी के दौरान पुलिस ने पांच सफेद प्लास्टिक झिल्लियों में रखी कुल 50 लीटर महुआ शराब बरामद की। इसके साथ ही शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले दो जर्मन बर्तन भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 13 हजार रुपये आंकी गई थी। मामले में थाना पिथौरा में अपराध क्रमांक 220/26 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) में अपराध दर्ज कर पूर्व में गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

दो फरार आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
मामले के अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस को 23 नवंबर को सफलता मिली। टीम ने किशनपुर निवासी नारायण राणा उर्फ बाबू (22 वर्ष) और मिलन बारिक (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई की गई है।

एक अन्य आरोपी की तलाश जारी
इस प्रकरण में शामिल तीसरा फरार आरोपी गोविन्द अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। महासमुंद पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों के विरुद्ध अभियान जारी रखने की बात कही है।

Back to top button