RTE Admission 2027 की तैयारी तेज, 1 दिसंबर से निजी स्कूलों में मुफ्त प्रवेश के लिए आवेदन
इस बार दो महीने पहले शुरू होगी दाखिले की प्रक्रिया, 25 प्रतिशत आरक्षित सीटें भरने पर जोर,जनवरी में निकलेगी ऑनलाइन लॉटरी

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | जांजगीर-चांपा। शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी स्कूलों में कमजोर और आर्थिक रूप से जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को मुफ्त शिक्षा दिलाने की प्रक्रिया इस बार पहले शुरू की जा रही है। शैक्षणिक सत्र 2027 के लिए अभिभावक 1 दिसंबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पिछले वर्ष आवेदन की शुरुआत फरवरी में हुई थी, जिसके कारण प्रवेश प्रक्रिया काफी देर से पूरी हुई और कई सीटें खाली रह गई थीं।
पिछले शैक्षणिक सत्र में जिले के 456 निजी स्कूलों में आरटीई के तहत प्रवेश की प्रक्रिया संचालित की गई थी। इसके बावजूद करीब 500 सीटों पर दाखिला नहीं हो सका। हर साल बड़ी संख्या में सीटें रिक्त रहने से पात्र बच्चों को योजना का पूरा लाभ नहीं मिल पाता। इसी समस्या को देखते हुए इस बार शिक्षा विभाग ने पूरी प्रक्रिया समय से पहले शुरू करने की तैयारी की है, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो और अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को प्रवेश मिल सके।
नवंबर से फरवरी तक पूरी होगी प्रवेश प्रक्रिया
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 2 से 25 नवंबर तक स्कूलों की जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने और नए निजी स्कूलों के पंजीयन का काम होगा। वहीं 2 से 28 नवंबर तक स्कूलों की ओर से अपलोड की गई जानकारी का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद आरटीई के तहत उपलब्ध सीटों की संख्या जारी होगी।
अभिभावक 1 से 31 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। प्राप्त आवेदनों की जांच नोडल प्राचार्यों द्वारा 7 जनवरी तक की जाएगी। इसके बाद 11 और 12 जनवरी को राज्य स्तर पर जिलावार ऑनलाइन लॉटरी निकाली जाएगी। लॉटरी में चयनित बच्चों को 14 जनवरी से 10 फरवरी तक संबंधित स्कूलों में प्रवेश दिलाया जाएगा।
25 प्रतिशत सीटों पर मिलता है मुफ्त दाखिला
आरटीई के प्रावधानों के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश स्तर की 25 प्रतिशत सीटें आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों के लिए आरक्षित रहती हैं। इन सीटों पर पात्र बच्चों को निःशुल्क शिक्षा का अवसर दिया जाता है। शिक्षा विभाग का प्रयास है कि इस बार आवेदन से लेकर दाखिले तक की प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी हो, जिससे आरक्षित सीटें खाली न रहें।
मिडिया रिपोट्स के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी एमपी सिंह के मुताबिक, आरटीई के तहत ऑनलाइन आवेदन 1 दिसंबर से शुरू होंगे। स्कूलों का पंजीयन 2 नवंबर से प्रारंभ कर दिया गया है और नए स्कूल 25 नवंबर तक अपना पंजीयन करा सकते हैं। प्रक्रिया जल्दी पूरी होने से पात्र बच्चों को समय पर प्रवेश मिल सकेगा।