रायपुर: छत्तीसगढ़ में नर्सिंग की 6066 सीटें खाली, 10 परसेंटाइल वाले अभ्यर्थियों को भी मिलेगा दाखिला,30 नवंबर तक मौका

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। रायपुर। छत्तीसगढ़ में नर्सिंग की पढ़ाई करने के इच्छुक छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश के नर्सिंग कॉलेजों में बड़ी संख्या में सीटें खाली रहने के बाद चिकित्सा शिक्षा विभाग ने प्रवेश प्रक्रिया के लिए नया कार्यक्रम जारी किया है। खास बात यह है कि अब बीएससी नर्सिंग में व्यापमं की प्रवेश परीक्षा में न्यूनतम 10 परसेंटाइल हासिल करने वाले अभ्यर्थी भी दाखिले के लिए पात्र होंगे। प्रवेश की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
प्रदेश में इस समय नर्सिंग पाठ्यक्रमों की कुल 6066 सीटें रिक्त हैं। इनमें बीएससी नर्सिंग की 5033, एमएससी नर्सिंग की 513 और पोस्ट बेसिक नर्सिंग की 520 सीटें शामिल हैं। इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) द्वारा प्रवेश की समय-सीमा बढ़ाए जाने के बाद राज्य के चिकित्सा शिक्षा विभाग ने नई काउंसिलिंग समय-सारणी जारी की है।
22 नवंबर दोपहर 2 बजे तक कर सकेंगे आवेदन
खाली सीटों को भरने के लिए दूसरे और मॉपअप राउंड की काउंसिलिंग एक साथ आयोजित की जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया 20 नवंबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 22 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।
इस प्रक्रिया में बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग के पाठ्यक्रम शामिल किए गए हैं।
पहले प्रवेश ले चुके विद्यार्थियों को भी मिलेगा विकल्प
काउंसिलिंग में पहले से पंजीकृत पात्र अभ्यर्थियों को भी दोबारा कॉलेज और पाठ्यक्रम चुनने का अवसर दिया गया है। सभी उम्मीदवारों को अपनी पसंद के संस्थानों और विषयों का विकल्प फिर से भरकर लॉक करना होगा। पहले चरण में दाखिला ले चुके विद्यार्थियों को नियमों के अनुसार सीट अपग्रेड कराने की सुविधा भी दी जाएगी।
मान्यता में देरी से खाली रह गईं सीटें
इस वर्ष निजी नर्सिंग कॉलेजों को मान्यता और संबद्धता मिलने में देरी के कारण प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित हुई थी। इसके चलते प्रदेश के कई संस्थानों में बड़ी संख्या में सीटें खाली रह गईं। खाली सीटों को भरने के लिए निजी नर्सिंग कॉलेज एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने शासन और संबंधित अधिकारियों से प्रवेश की समय-सीमा बढ़ाने की मांग की थी। इसके बाद प्रवेश की तारीख बढ़ाई गई है।
अब 30 नवंबर तक होने वाली काउंसिलिंग पर सभी की नजरें रहेंगी। इस प्रक्रिया से प्रदेश के नर्सिंग कॉलेजों में खाली सीटों को भरने और प्रवेश से वंचित रह गए विद्यार्थियों को एक और अवसर मिलने की उम्मीद है।