महासमुंद/सरायपाली: बाड़ी में छिपाकर रखी थी 15 लीटर कच्ची महुआ शराब, सरायपाली पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | महासमुंद/सरायपाली। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायपाली पुलिस ने ग्राम बिजातीपाली में कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से बिक्री के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई 15 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित कच्ची महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत 3 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को पुलिस टीम नियमित अपराध पतासाजी के लिए क्षेत्र में निकली हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बिजातीपाली निवासी रोहिणी चौहान ने अपनी मौसी लालोबाई चौहान के घर की बाड़ी में अवैध महुआ शराब छिपाकर रखी है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में मौके पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान बाड़ी में मौजूद रोहिणी चौहान से पूछताछ की गई। इसके बाद घर की बाड़ी में कद्दू की बेल के पास छिपाकर रखा गया एक प्लास्टिक झोला बरामद हुआ। झोले के भीतर 15 लीटर क्षमता वाले प्लास्टिक डिब्बे में कच्ची महुआ शराब भरी हुई थी। पुलिस ने शराब का नमूना निकालने के बाद शेष शराब को विधिवत सीलबंद कर जब्त कर लिया।
मामले में पुलिस ने रोहिणी चौहान (39 वर्ष), निवासी बिजातीपाली के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।