बसना

बसना: ग्रामीणों को कमीशन का लालच, बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी का खेल; आंध्रप्रदेश से मुख्य आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़। बसना। ग्रामीणों को कमीशन का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाने और फिर उन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी के पैसों के लेन-देन में करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना बसना में दर्ज मामले में फरार चल रहे गिरोह के मुख्य आरोपी को पुलिस ने आंध्रप्रदेश में दबिश देकर गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही इस प्रकरण में अब तक कुल पांच आरोपियों को पुलिस पकड़ चुकी है। गिरफ्तार आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त 2026 को ग्राम मनकी निवासी राजकुमार ताण्डी ने थाना बसना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, ओडिशा निवासी सुनील दुर्गा और तिमोथी छतरिया ने अपने स्थानीय साथी हेमलाल चौहान के माध्यम से प्रार्थी और अन्य ग्रामीणों को बैंक खाते खुलवाने पर 1,500 से लेकर 20 हजार रुपए तक कमीशन देने का लालच दिया था। आरोपियों के झांसे में आकर ग्रामीणों ने ग्रामीण बैंक और जिला सहकारी बैंक में अपने नाम से खाते खुलवाए।

खाते खुलने के बाद आरोपियों ने कंपनी में वेरिफिकेशन कराने का बहाना बनाकर ग्रामीणों से उनके एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक, एमएस क्यूआर कोड और सिम कार्ड ले लिए। इसके बाद इन बैंकिंग दस्तावेजों और खातों को साइबर अपराधियों के इस्तेमाल के लिए उपलब्ध करा दिया गया। शिकायत के आधार पर थाना बसना में अपराध क्रमांक 452/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2), 3(5) एवं 317(4) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

विशाखापट्टनम तक फैला था नेटवर्क
जांच के दौरान पुलिस ने पहले चार आरोपियों सुनील दुर्गा, तिमोथी छतरिया, हेमलाल चौहान और आंध्रप्रदेश निवासी बी. लक्ष्मणा डोरा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आंध्रप्रदेश निवासी बी. लक्ष्मणा डोरा और पुलोजू चंद्रा राव के कहने पर ग्रामीणों के बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद खातों की पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड विशाखापट्टनम में पुलोजू चंद्रा राव के साले के माध्यम से आगे पहुंचाए जाते थे।

पुलिस के अनुसार, इन खातों का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड, शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन गेमिंग के जरिए होने वाले भारी आर्थिक लेन-देन में किया जाता था। इस काम के बदले ग्रामीणों के बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले आरोपियों को कमीशन दिया जाता था। पूर्व में गिरफ्तार चार आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका था, जबकि फरार आरोपी पुलोजू चंद्रा राव और अन्य संलिप्त लोगों के संबंध में आगे की विवेचना जारी थी।

आंध्रप्रदेश में दबिश देकर मुख्य आरोपी को पकड़ा
फरार आरोपी की तलाश में थाना बसना की विशेष पुलिस टीम ने आंध्रप्रदेश के पोलावरम जिले के थाना अड्डाटीगाला क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस टीम ने 18 नवंबर 2026 को ग्राम एम. रावीलंका में घेराबंदी कर पुलोजू चंद्रा राव (39) को पकड़ लिया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर बसना लाया गया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर पूछताछ और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। अब पुलिस इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों, बैंक खातों के उपयोग और साइबर ठगी से जुड़े आर्थिक लेन-देन की कड़ियों की जांच कर रही है।

अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार
इस प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों में सुनील दुर्गा, तिमोथी छतरिया, हेमलाल चौहान, बी. लक्ष्मणा डोरा और पुलोजू चंद्रा राव शामिल हैं। पुलिस की कार्रवाई से ग्रामीणों के बैंक खातों का दुरुपयोग कर साइबर अपराधों के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क की अहम कड़ी तक पहुंचने में सफलता मिली है।

Back to top button