पिथौरा

पिथौरा: जियो मोबाइल टावर से चोरी बैटरी बेचने पहुंचे युवक, टेक्नीशियन ने पहचानकर पकड़ा, पुलिस से की शिकायत

पिथौरा क्षेत्र के पांच टावरों से बैटरियां चोरी होने का दावा, एक बैटरी की कीमत करीब 8 हजार रुपये बताई गई

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | पिथौरा। जियो मोबाइल टावरों में लगी बैटरियों की चोरी का मामला सामने आया है। ग्राम सराईटार स्थित जियो मोबाइल टावर से चोरी हुई बैटरी को कथित रूप से बेचने ले जा रहे दो युवकों को पकड़ने का मामला सामने आया है। कंपनी में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत जयंत बिस्वाल ने इस संबंध में थाना पिथौरा में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, जयंत बिस्वाल ग्राम डीपोपारा नयापारा खुर्द के निवासी हैं और जियो मोबाइल कंपनी में टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत हैं। उनके कार्यक्षेत्र में पिथौरा क्षेत्र के करीब 20 मोबाइल टावर आते हैं। उन्होंने बताया कि 28 अक्टूबर की शाम 5 बजे से 29 अक्टूबर की सुबह 9 बजे के बीच ग्राम सराईटार अठारहगुड़ी स्थित जियो मोबाइल टावर में लगी पुरानी लिवगार्ड बैटरी चोरी हो गई थी। इसकी अनुमानित कीमत करीब 8 हजार रुपये बताई गई है।

टेक्नीशियन के मुताबिक, चोरी हुई बैटरी की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 19 नवंबर को उन्हें सूचना मिली कि ग्राम लक्ष्मीपुर निवासी पप्पू उर्फ पवन वर्मा और उसका एक अन्य साथी बिना नंबर की स्कूटी में एक बैटरी बेचने के लिए ले जा रहे हैं। सूचना मिलने पर जयंत बिस्वाल मौके पर पहुंचे और बैटरी की पहचान सराईटार टावर से चोरी हुई बैटरी के रूप में की। इसके बाद उन्होंने थाना पिथौरा में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

आवेदन में जयंत बिस्वाल ने यह भी उल्लेख किया है कि पिछले एक माह के भीतर लहरौद, जन्योरा, सराईटार और जामपाली सहित क्षेत्र के अलग-अलग मोबाइल टावरों से कुल चार बैटरियां चोरी हुई हैं। प्रत्येक बैटरी की अनुमानित कीमत करीब 8 हजार रुपये बताई गई है। अब इस मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Back to top button