बसना: तोषगांव और रसोड़ा में बसना पुलिस की दबिश, 17.76 लीटर अवैध शराब जब्त, दो गिरफ्तार
तोषगांव में 12 लीटर महुआ शराब के साथ एक पकड़ाया, रसोड़ा में 32 पाव देशी प्लेन शराब जब्त; कुल 17.76 लीटर शराब की कीमत 4,960 रुपये

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | बसना। अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए बसना पुलिस ने 19 नवंबर को दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 12 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब और दूसरे आरोपी के पास से 32 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की है। दोनों मामलों में जब्त शराब की कुल मात्रा 17.76 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 4,960 रुपये है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई ग्राम तोषगांव के बेल्डीह पठार मोड़ के पास की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि रोहित अजगल्ला (44 वर्ष), निवासी तोषगांव, अवैध रूप से महुआ शराब बिक्री के लिए रखकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 15 लीटर क्षमता वाली पीले रंग की प्लास्टिक जरकीन में करीब 12 लीटर देशी हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत 2,400 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी शराब रखने और बिक्री करने के संबंध में वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की।
वहीं दूसरी कार्रवाई ग्राम रसोड़ा में खटखटी से रसोड़ा जाने वाले मार्ग पर आम पेड़ के नीचे की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शंभु नाग (65 वर्ष), निवासी रसोड़ा को पकड़ा। तलाशी के दौरान दो सफेद प्लास्टिक थैलों से कुल 32 नग देशी प्लेन शराब के पाव बरामद किए गए। इनमें एक थैले से 14 पाव और दूसरे थैले से 18 पाव शराब मिली। प्रत्येक पाव में 180 एमएल शराब भरी थी। इस तरह कुल 5,760 एमएल यानी 5.76 लीटर देशी प्लेन शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 2,560 रुपये बताई गई है। आरोपी वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने उसके विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया।
दोनों मामलों में पुलिस ने जब्त शराब को विधिवत जप्त कर सीलबंद किया। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।