बसना: रसोड़ा हाईस्कूल के गेट पर हुई घटना, सहेलियों के सामने छात्रा से गाली-गलौज और मारपीट का आरोप, मां की शिकायत पर मामला दर्ज
स्कूल जा रही छात्रा के बाल पकड़कर पीटा, बीच-बचाव करने पहुंचे शिक्षकों को भी जान से मारने की धमकी!

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | बसना । स्कूल जाने के दौरान एक छात्रा के साथ कथित रूप से गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल के गेट के पास पहले से मौजूद एक युवक ने छात्रा और उसकी सहेलियों को देखकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। छात्रा द्वारा विरोध करने पर युवक ने उसके बाल पकड़कर थप्पड़ मार दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे शिक्षकों को भी जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, घटना 18 नवंबर 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे की है। छात्रा अपनी सहेलियों अंशु नायक और ज्योति नायक के साथ शासकीय हाईस्कूल रसोड़ा जा रही थी। जैसे ही वे स्कूल के गेट के पास पहुंचीं, वहां ग्राम रसोड़ा निवासी खिरसागर यादव पहले से मौजूद था।
शिकायत में छात्रा की मां पद्मा नायक ने आरोप लगाया है कि खिरसागर यादव ने छात्रा और उसकी सहेलियों को स्कूल के अंदर जाते देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। छात्रा द्वारा ऐसा करने से मना करने पर आरोपी ने कथित तौर पर ‘तू बहुत बोलती है’ कहते हुए उसके बाल पकड़कर थप्पड़ मारना शुरू कर दिया।
इस दौरान छात्रा की सहेलियां ज्योति नायक और अंशु नायक बीच-बचाव के लिए पहुंचीं। इसके बाद ज्योति स्कूल के अंदर जाकर शिक्षिका वीणा प्रधान और शिक्षक रविन्द्र कुमार राणा को बुलाकर लाई। दोनों शिक्षकों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया। आरोप है कि इस दौरान युवक ने शिक्षकों को भी जान से मारने की धमकी दी और वहां से चला गया।
घटना की जानकारी मिलने पर छात्रा की मां पद्मा नायक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296 और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।