
छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ सरायपाली। नवरंगपुर-सारंगढ़ मार्ग पर एक तेज रफ्तार KIA कार ने दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक सड़क हादसे में केवटापाली निवासी कैलाश साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला अंबिकाबाई साहू घायल हो गईं। घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, KIA कार क्रमांक CG 04 QP 1854 के चालक द्वारा कथित तौर पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पहले कैलाश साहू को टक्कर मारी गई। हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, इसी दुर्घटना में बुजुर्ग महिला अंबिकाबाई साहू (65 वर्ष) भी कार की चपेट में आ गईं। उन्हें चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सरायपाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
इस सड़क हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस द्वारा दुर्घटना में शामिल वाहन के आधार पर फरार चालक की तलाश एवं आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।