सरायपाली

सरायपाली: अचानक घर से गायब हुई विवाहिता, तलाश में जुटी पुलिस; अपहरण की आशंका पर केस दर्ज

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | सरायपाली। महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम चट्टीगिरोला निवासी राजकुमारी बरिहा (30) 12 नवंबर से लापता हैं। उनके पति सुशील बरिहा की सूचना पर पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 92/2026 की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान अपहरण की आशंका के आधार पर धारा 140(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

थाना क्षेत्र के ग्राम चट्टीगिरोला से 30 वर्षीय विवाहिता के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। महिला 12 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई। परिजनों और आसपास के गांवों में तलाश करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। मामले में सरायपाली पुलिस ने गुम इंसान की जांच के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा महिला को ले जाने की आशंका से इनकार नहीं करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चट्टीगिरोला निवासी सुशील बरिहा (39) ने थाना पहुंचकर अपनी पत्नी राजकुमारी बरिहा (30) के लापता होने की सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी 12 नवंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 92/2026 कायम कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान महिला का ठिकाना और सुरक्षा की स्थिति अज्ञात पाए जाने के चलते पुलिस ने किसी अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों द्वारा उसे ले जाकर किसी अज्ञात स्थान पर रखे जाने की संभावना से इनकार नहीं किया। इसी आधार पर माननीय सर्वोच्च न्यायालय के जी. गणेश विरुद्ध तमिलनाडु राज्य एवं अन्य मामले में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में धारा 140(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

यह है लापता महिला का हुलिया: राजकुमारी बरिहा की उम्र 30 वर्ष, रंग सांवला, कद लगभग 5 फीट 1 इंच और बाल लंबे एवं काले हैं। लापता होते समय उसने लाल रंग की साड़ी पहनी हुई थी। वह हिंदी, छत्तीसगढ़ी और उड़िया भाषा बोलती है।

पुलिस ने मामले को विवेचना में लेते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है। महिला के संबंध में प्राप्त होने वाली जानकारी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button