महासमुंद/सांकरा: गिरवी रखे 15 ग्राम सोने के जेवर गलाकर हड़पे, श्याम ज्वेलर्स का संचालक गिरफ्तार
रसीद दिए बिना ग्रामीणों के जेवर रखता था गिरवी, 20 रजिस्टर, 7 कॉपियां और गिरवी रसीद बुक जब्त; सांकरा पुलिस की कार्रवाई

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ सांकरा। ग्रामीणों की आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाकर सोने-चांदी के जेवर गिरवी रखने और बाद में उन्हें हड़पने के मामले में सांकरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। श्याम ज्वेलर्स के संचालक राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल (36) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक ग्रामीण के गिरवी रखे करीब 15 ग्राम सोने के जेवर बिना लौटाए गलाकर अपने पास रखने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गली हुई अवस्था में करीब 15 ग्राम सोना, गिरवी लेन-देन के 20 रजिस्टर, 7 कॉपियां और 2 गिरवी रसीद बुक सहित अन्य सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम श्रीरामपुर निवासी शनिलाल चौहान ने घरेलू जरूरत के लिए अपनी पत्नी सावित्री चौहान के सोने का माला और कान के टॉप्स, कुल करीब 15 ग्राम वजन के जेवर श्याम ज्वेलर्स सांकरा में गिरवी रखे थे। इनकी कीमत करीब 2 लाख 10 हजार रुपए बताई गई है। आरोप है कि दुकान संचालक ने 2 प्रतिशत प्रतिमाह ब्याज पर रकम उधार दी, लेकिन जेवर गिरवी रखने के एवज में रसीद नहीं दी। रसीद मांगने पर समय-समय पर ब्याज देते रहने और पावती की जरूरत नहीं होने की बात कही गई। इसके बाद पीड़ित ने फोन-पे के माध्यम से ब्याज की रकम भी चुकाई।
मूलधन और ब्याज लेकर पहुंचा तो जेवर देने से किया इनकार
पीड़ित के अनुसार, 24 जून 2026 को वह गवाहों के साथ मूलधन और ब्याज की पूरी रकम लेकर अपने गिरवी रखे जेवर छुड़ाने श्याम ज्वेलर्स पहुंचा। लेकिन दुकान संचालकों ने समय अधिक हो जाने और सोना डूब जाने की बात कहते हुए जेवर लौटाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि न तो उससे रकम ली गई और न ही गिरवी रखे सोने के आभूषण वापस किए गए। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय महासमुंद में शिकायत की। शिकायत की जांच के बाद थाना सांकरा में अपराध क्रमांक 190/2026, धारा 316(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
गिरवी कारोबार के लिए अपनाता था अलग तरीका
विवेचना के दौरान पुलिस ने 13 नवंबर को आरोपी राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल को हिरासत में लेकर गवाहों के समक्ष पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वर्ष 2021 में तहसीलदार बसना से साहूकारी लाइसेंस बनवाया था। इसी लाइसेंस की आड़ में वह ग्रामीणों के सोने-चांदी के आभूषण गिरवी रखकर अपने रजिस्टर में लेन-देन की प्रविष्टि करता था, लेकिन कथित तौर पर ग्राहकों को कोई पावती रसीद नहीं देता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी छपी हुई गिरवी रसीद बुक में एकतरफा शर्त दर्ज कराता था, जिसके अनुसार तय समय तक मूलधन और ब्याज नहीं चुकाने पर गिरवी रखे जेवर बेचने का अधिकार होने की बात लिखी रहती थी। आरोप है कि गिरवी रखने वालों से पहले ही हस्ताक्षर करा लिए जाते थे और बाद में मनमाने तरीके से अंतिम तिथि दर्ज की जाती थी। पुलिस के अनुसार, शनिलाल चौहान के गिरवी रखे जेवरों को भी बिना जानकारी दिए गलाकर अपने पास रख लिया गया था।
20 रजिस्टर और 7 कॉपियों से खुल सकते हैं कई राज
पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर करीब 15 ग्राम गला हुआ सोना, गिरवी एवं ब्याज के लेन-देन का विवरण दर्ज 20 रजिस्टर, 7 हिसाब-किताब की कॉपियां, 2 गिरवी रसीद बुक, एक सैमसंग S22 अल्ट्रा मोबाइल फोन और तहसीलदार बसना द्वारा जारी साहूकारी लाइसेंस जब्त किया है। इन दस्तावेजों की जांच से अन्य ग्रामीणों के साथ हुए गिरवी लेन-देन और संभावित अनियमितताओं की जानकारी सामने आने की संभावना है।
पुलिस ने आरोपी राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल, निवासी त्रिलोक नगर सांकरा को 13 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार किया है। उसे न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की विवेचना जारी है। पुलिस ने जब्त सामग्री में करीब 15 ग्राम गला हुआ सोना, 20 रजिस्टर, 7 कॉपियां, 2 गिरवी रसीद बुक, एक सैमसंग S22 अल्ट्रा मोबाइल और एक साहूकारी लाइसेंस जब्त की।