महासमुंद : पिथौरा विकासखंड अंतर्गत उचित मूल्य दुकान आबंटन के लिए 23 नवंबर तक आवेदन आमंत्रित

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ महासमुंद: अनुविभाग पिथौरा के अंतर्गत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति भुरकोनी द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान कोदोपाली एवं नवागांव कला का समर्पण किया गया है। इन दोनों दुकानों के संचालन के लिए शासन के निर्देशानुसार तथा कार्यालय कलेक्टर (खाद्य शाखा), महासमुंद द्वारा दुकानों का युक्तियुक्तकरण करते हुए नवीन आबंटन की प्रक्रिया की जा रही है।
छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 की कंडिका 9 के तहत उक्त उचित मूल्य दुकानों के संचालन के लिए पात्र एवं इच्छुक संस्थाओं से निर्धारित प्रारूप में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके अंतर्गत विकासखंड में स्थित वृहत्ताकार आदिम जाति बहुउद्देशीय सहकारी समितियां, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां, वन सुरक्षा समितियां, महिला स्व सहायता समूह, ग्राम पंचायतें एवं अन्य उपभोक्ता सहकारी समितियां आवेदन कर सकते हैं।
इच्छुक संस्थाओं को निर्धारित प्रपत्र में आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन प्रस्तुत करना होगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 23 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक संस्थाएं कार्यालयीन समय में अपना आवेदन कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), पिथौरा में जमा कर सकते हैं।