महासमुंद

महासमुंद: नाबालिग बच्चों को थमाई बाइक तो पालकों पर होगी कार्रवाई, 4 मामलों में 4 हजार का जुर्माना

स्कूल में दोपहिया वाहन चलाकर पहुंच रहे थे छात्र-छात्राएं, यातायात पुलिस ने अभिभावकों को बुलाकर दी समझाइश

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ महासमुंद। नाबालिग बच्चों को दोपहिया वाहन चलाने की अनुमति देना अब पालकों को भारी पड़ सकता है। बच्चों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए महासमुंद यातायात पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। शुक्रवार को शिशु संस्कार केंद्र स्कूल में जांच के दौरान कुछ नाबालिग छात्र-छात्राएं दोपहिया वाहन चलाकर स्कूल आते पाए गए। इस पर यातायात पुलिस ने संबंधित बच्चों के पालकों को यातायात कार्यालय बुलाकर समझाइश दी। साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चार प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए कुल 4 हजार रुपए समन शुल्क वसूला।

यातायात पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को टीम शिशु संस्कार केंद्र स्कूल महासमुंद पहुंची थी। यहां जांच के दौरान कुछ नाबालिग छात्र-छात्राओं द्वारा स्वयं दोपहिया वाहन चलाकर स्कूल आने की जानकारी मिली। पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को यातायात कार्यालय बुलाया और उन्हें नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने की समझाइश दी।

बच्चों की सुरक्षा से समझौता न करें पालक
यातायात पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने के लिए बिल्कुल न दें। कम उम्र में वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे बच्चों और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में पालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। शहर में इस तरह की जांच और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Back to top button