बसना

बसना: राशन लेने पहुंचे हितग्राही, ई-पॉस मशीन ने बढ़ाई मुश्किलें; कहीं 35 की जगह 20 किलो तो कहीं कार्ड ही बंद!

ई-पॉस मशीन अपडेट होते ही राशन वितरण में बढ़ी परेशानी, किसी का चावल कम तो किसी का राशन कार्ड ही नहीं खुल रहा

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ बसना। क्षेत्र में शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में ई-पॉस मशीन अपडेट होने के बाद राशन वितरण व्यवस्था में कई तरह की तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं। इसके चलते राशन कार्डधारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मशीन अपडेट होने के बाद सभी राशन कार्डधारियों का ई-केवाईसी कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है, वहीं राशन कार्ड नंबर में बदलाव होने से हितग्राहियों को अपना राशन प्राप्त करने में दिक्कत हो रही है।

राशन वितरण के दौरान सबसे बड़ी समस्या चावल की निर्धारित मात्रा को लेकर सामने आ रही है। जिन हितग्राहियों को पहले 35 किलो चावल मिलता था, उनमें से कुछ के राशन कार्ड में ई-पॉस मशीन पर केवल 20 किलो चावल प्रदर्शित हो रहा है। इसी तरह किसी हितग्राही के हिस्से का 15 किलो चावल ही मशीन में दिखाई दे रहा है। वहीं कुछ राशन कार्ड मशीन में खुल ही नहीं रहे हैं, जबकि कुछ कार्ड बंद प्रदर्शित हो रहे हैं।

इस तकनीकी गड़बड़ी के कारण राशन दुकानों में पहुंचने वाले हितग्राही असमंजस में हैं। कई लोगों को समझ नहीं आ रहा है कि उन्हें पूर्व निर्धारित मात्रा में राशन मिलेगा या मशीन में दिखाई जा रही कम मात्रा के अनुसार ही चावल दिया जाएगा। इससे राशन दुकानदारों और हितग्राहियों दोनों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

हितग्राहियों का कहना है कि शासन की राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और सुविधा के उद्देश्य से ई-पॉस मशीन का उपयोग किया जाता है, लेकिन अपडेट के बाद इस तरह की तकनीकी समस्याओं से गरीब परिवारों को समय पर पूरा राशन मिलने में बाधा आ रही है।

अब सवाल यह उठता है कि ई-पॉस मशीन में राशन की मात्रा कम प्रदर्शित होने, राशन कार्ड बंद होने और कार्ड नहीं खुलने जैसी समस्याओं का समाधान कब तक होगा? संबंधित खाद्य विभाग से मांग है कि तकनीकी खामियों को जल्द दूर कराया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र राशन कार्डधारी को उसके निर्धारित हक के राशन से वंचित न होना पड़े।

उचित मूल्य की दुकान गढ़पटनी के सेल्समैन असलम खान एवं बसना के सेल्समैन सुनील घृतलहरे ने बताया कि ई-पॉस मशीन को अपडेट किया गया है। अपडेट के बाद राशन वितरण प्रणाली में कुछ तकनीकी बदलाव हुए हैं। अब सभी राशन कार्डधारियों का केवाईसी किया जाना है तथा राशन कार्ड नंबर में भी बदलाव हुआ है। इसके चलते मशीन में पुराने राशन कार्ड नंबर से जानकारी प्रदर्शित नहीं हो रही है। कई हितग्राहियों के राशन कार्ड मशीन में खुल नहीं रहे हैं, वहीं कुछ कार्ड बंद दिखाई दे रहे हैं और कई हितग्राहियों के हिस्से का चावल निर्धारित मात्रा से कम प्रदर्शित हो रहा है।

उन्होंने बताया कि मशीन के तकनीकी अपडेट के कारण फिलहाल चावल वितरण का कार्य भी प्रभावित है। जब तक ई-पॉस मशीन की तकनीकी समस्या दूर नहीं होती और राशन कार्डधारियों की जानकारी सही तरीके से अपडेट नहीं हो जाती, तब तक वितरण में परेशानी बनी हुई है। तकनीकी समस्या का समाधान होने के बाद ही राशन वितरण सुचारू रूप से हो सकेगा।

Back to top button