खेल

IPL 2027 से पहले सबसे बड़ा ट्रेड! हार्दिक पांड्या पंजाब पहुंचे, मुंबई में शामिल हुए अर्शदीप सिंह

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ IPL 2027: आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस (MI) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच बड़ा खिलाड़ी ट्रेड पूरा हो गया है। मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या अब पंजाब किंग्स की जर्सी में नजर आएंगे, जबकि पंजाब के प्रमुख तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस के लिए खेलेंगे। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) ने आज इस ट्रेड की आधिकारिक घोषणा कर दी है।

इस ट्रेड के तहत हार्दिक पांड्या 18 करोड़ रुपये की फीस पर पंजाब किंग्स से जुड़ेंगे। मुंबई इंडियंस के साथ उनकी मौजूदा फीस 16.35 करोड़ रुपये थी। वहीं, अर्शदीप सिंह अपनी मौजूदा 18 करोड़ रुपये की फीस पर ही मुंबई इंडियंस का हिस्सा बनेंगे। इस तरह दोनों फ्रेंचाइजी के बीच खिलाड़ियों की सीधी अदला-बदली हुई है।

मुंबई इंडियंस के साथ चार IPL खिताब जीत चुके हैं हार्दिक
हार्दिक पांड्या ने साल 2015 में मुंबई इंडियंस के साथ अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी। वह टीम के साथ 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे। मुंबई के लिए खेलते हुए उन्होंने खुद को एक प्रभावशाली ऑलराउंडर के रूप में स्थापित किया।

इसके बाद आईपीएल 2022 से पहले हार्दिक गुजरात टाइटंस से जुड़ गए। उन्हें टीम की कप्तानी सौंपी गई और उन्होंने पहले ही सीजन में गुजरात को चैंपियन बना दिया। उनकी कप्तानी में गुजरात टाइटंस ने 2023 में भी फाइनल तक का सफर तय किया।

आईपीएल 2024 से पहले हार्दिक की मुंबई इंडियंस में वापसी हुई और उन्हें टीम की कप्तानी दी गई। हालांकि, उनकी कप्तानी में टीम खिताब जीतने में सफल नहीं हो सकी। अब आईपीएल 2027 से पहले मुंबई के साथ उनका दूसरा कार्यकाल भी समाप्त हो गया है। वह पंजाब किंग्स के लिए नई शुरुआत करेंगे।

क्या पंजाब किंग्स की कप्तानी करेंगे हार्दिक पांड्या?
हार्दिक के पंजाब किंग्स में शामिल होने के बाद टीम की कप्तानी को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल पंजाब की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में है। उनकी अगुवाई में टीम ने आईपीएल 2025 का फाइनल खेला था।

हालांकि, हार्दिक के ट्रेड के बाद पंजाब किंग्स ने कप्तानी में बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। ऐसे में फिलहाल श्रेयस अय्यर ही टीम के कप्तान हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि आईपीएल 2027 में हार्दिक उनकी कप्तानी में खेलते हैं या टीम की नेतृत्व व्यवस्था में कोई बदलाव होता है।

दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस ने भी हार्दिक के जाने के बाद नए कप्तान के नाम का ऐलान नहीं किया है। फ्रेंचाइजी ने कहा है कि कप्तानी को लेकर फैसला उचित समय पर घोषित किया जाएगा।

आठ सीजन बाद पंजाब किंग्स से अलग हुए अर्शदीप सिंह
अर्शदीप सिंह अब मुंबई इंडियंस की तेज गेंदबाजी को मजबूती देते नजर आएंगे। उन्होंने साल 2019 में पंजाब किंग्स के लिए आईपीएल डेब्यू किया था। इसके बाद लगातार आठ सीजन तक वह टीम का हिस्सा रहे और अपनी गेंदबाजी से खास पहचान बनाई।

अर्शदीप ने पंजाब किंग्स के लिए 96 आईपीएल मैचों में 111 विकेट हासिल किए हैं। वह फ्रेंचाइजी के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। नई टीम के साथ उनका सफर अब मुंबई इंडियंस से शुरू होगा।

अर्शदीप की खासियत नई गेंद से विकेट निकालने के साथ-साथ डेथ ओवर्स में सटीक गेंदबाजी करना है। उनकी मौजूदगी से मुंबई के तेज गेंदबाजी आक्रमण को अतिरिक्त मजबूती मिलने की उम्मीद है। वहीं, पंजाब किंग्स को हार्दिक पांड्या के रूप में एक अनुभवी ऑलराउंडर मिला है, जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों से टीम के लिए योगदान दे सकते हैं।

Back to top button