सरायपाली: राज्यस्तरीय ब्रेनिश अबेकस प्रतियोगिता में सरायपाली के बच्चों का शानदार प्रदर्शन, ट्रॉफी और टॉप-10 में बनाई जगह

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | सरायपाली। रायपुर के महेश्वरी भवन में आयोजित 8वीं राज्यस्तरीय ब्रेनिश अबेकस प्रतियोगिता में सरायपाली सेंटर के ऑनलाइन एवं ऑफलाइन विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी प्रतिभा, एकाग्रता और गणना कौशल का शानदार परिचय देते हुए कई पुरस्कार अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में सरायपाली सेंटर की छात्रा नव्या पटेल ने लिसनिंग इवेंट में प्रथम स्थान प्राप्त कर साइकिल एवं ट्रॉफी हासिल की। वहीं डिस्प्ले इवेंट में तृतीय स्थान प्राप्त कर ट्रॉफी भी अपने नाम की। इसी तरह छात्रा तुराग पटेल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि अथर्व बेहेरा ने चौथा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके अलावा आरुषी पटेल ने टॉप-10 में जगह बनाकर सरायपाली सेंटर को गौरवान्वित किया।
ऑफलाइन वर्ग में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। आयुष्मान और आर्यन ने डिस्प्ले इवेंट में क्रमशः तीसरा और चौथा स्थान प्राप्त किया। वहीं मयंक पटेल ने चौथा स्थान हासिल किया तथा आयुषा साहू ने टॉप-10 में अपनी जगह बनाई। सभी विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और लगन से प्रतियोगिता में सराहनीय उपलब्धि हासिल की।
इस शानदार सफलता से ब्रेनिश अबेकस सेंटर सरायपाली की संचालिका एवं शिक्षिका श्रीमती गायत्री चौधरी, विद्यार्थियों के माता-पिता और पूरे सरायपाली क्षेत्र में खुशी का माहौल है। बच्चों की इस उपलब्धि को उनकी नियमित मेहनत, अभ्यास और बेहतर मार्गदर्शन का परिणाम माना जा रहा है।
संचालिका गायत्री चौधरी ने दी बधाई
ब्रेनिश अबेकस सेंटर सरायपाली की संचालिका श्रीमती गायत्री चौधरी ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों की यह उपलब्धि उनके निरंतर अभ्यास, अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चा अपने अंदर विशेष प्रतिभा लेकर आता है, जरूरत होती है उसे सही दिशा और प्रोत्साहन देने की। हमारा प्रयास रहता है कि बच्चों की मानसिक क्षमता, एकाग्रता और गणना कौशल को बेहतर बनाकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए तैयार किया जाए।
उन्होंने अभिभावकों के सहयोग और विश्वास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की सफलता में माता-पिता का प्रोत्साहन और शिक्षकों का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित किया।