बहला-फुसलाकर ले गए तीन नाबालिग लड़कियां, दो के साथ दुष्कर्म, पुलिस ने चारों को पकड़ा

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ रांची। झारखंड के खूंटी जिले में नाबालिग लड़कियों के साथ यौन हिंसा का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि चार युवक तीन नाबालिग लड़कियों को स्कूटी और बाइक से बहला-फुसलाकर मारंगहादा थाना क्षेत्र ले गए, जहां दो लड़कियों के साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पीड़िताओं में दो सगी बहनें हैं, जो मुरहू थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली हैं, जबकि तीसरी लड़की सोयको थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी बताई गई है। आरोप है कि चारों युवक तीनों लड़कियों को वाहनों से मारंगहादा थाना क्षेत्र ले गए और वहां उन्हें अलग-अलग स्थानों पर रखा। इसी दौरान दो लड़कियों के साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
घटना के बाद मंगलवार को पीड़िताओं और उनके परिजनों ने खूंटी महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों पीड़िताओं का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया है।
खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मंगलवार देर शाम प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद जांच और छापेमारी के दौरान चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस घटना को लेकर भाजपा प्रवक्ता संदीप वर्मा ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने घटना को कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए सरकार से जिम्मेदारी लेने और त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने राज्य में नियमित डीजीपी की नियुक्ति की मांग भी उठाई है।