महासमुंद

महासमुंद : सुअर चोरी कर भाग रहे 9 लोगों की किस्मत ने दिया धोखा, बंद रेलवे फाटक पर पकड़ी गई इको!

महासमुंद में पार्षद के बाड़े से दो सुअर चोरी करने का आरोप, पीछा कर वाहन को पकड़ा; कीमत करीब 80 हजार रुपये

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | महासमुंद। शहर में आधी रात सुअर चोरी का मामला सामने आया है। वार्ड क्रमांक 21 सुभाष नगर के पार्षद बड़े मुन्ना देवार के घर के पास बने बाड़े से दो सुअर चोरी कर इको वाहन में ले जाने का आरोप नौ लोगों पर लगा है। घटना के दौरान वाहन बेलसोंडा रेलवे फाटक के पास पहुंचा, जहां फाटक बंद होने के कारण उसका रास्ता रुक गया। इसके बाद प्रार्थी और मोहल्ले के एक व्यक्ति ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। वाहन के अंदर दो सुअर मिले, जिनकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 21 निवासी बड़े मुन्ना देवार सुअर पालन का व्यवसाय करते हैं। उनके पास करीब 50 सुअर हैं। प्रार्थी के मुताबिक, 3 नवंबर की रात लगभग 9 बजे सभी सुअर घर से लगे कोठे के आसपास मौजूद थे। रात करीब 2 बजे सुअरों के चिल्लाने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली तो देखा कि कुछ लोग इको वाहन क्रमांक CG 04 PT 5999 में सुअर भरकर भाग रहे हैं।

प्रार्थी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और मोहल्ले के सुशील देवार के साथ वाहन का पीछा किया। इसी दौरान बेलसोंडा रेलवे फाटक बंद होने के कारण वाहन रुक गया और उसे पकड़ लिया गया। कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वाहन की जांच करने पर उसके अंदर प्रार्थी के दो सुअर मिले। वाहन में चालक सहित कुल नौ लोग सवार थे।

शिकायत के अनुसार, वाहन चालक की पहचान रितेश यादव के रूप में हुई। वहीं वाहन में सवार अन्य लोगों के नाम गुज्जर गोपाल, रनवीर फुलरिया, वीर फुलरिया, रितेश नेताम, सागर यादव, मनीष कुमार, कार्तिकराम एवं देव साहू बताए गए हैं। सभी को तेलीबांधा, रायपुर का निवासी बताया गया है।

प्रार्थी ने बताया कि घर लौटकर सुअरों की गिनती करने पर दो सुअर कम मिले। वाहन में बरामद दोनों सुअर उसके ही थे, जिनकी अनुमानित कीमत 80 हजार रुपये है। उसने यह भी आशंका जताई कि इससे पहले भी उसके कुछ सुअर गायब हुए थे, लेकिन उस समय उसे चोरी की आशंका नहीं हुई थी।

बड़े मुन्ना देवार की लिखित शिकायत पर महासमुंद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।

Back to top button