महासमुंद: तेज रफ्तार ट्रक ने कार को पीछे से मारी टक्कर, सहायक अभियंता घायल, ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज
एनएच-353 पर चिमा ब्रीक्श कंपनी के पास हुआ हादसा, कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | महासमुंद। राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर चिमा ब्रीक्श कंपनी के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के सहायक अभियंता जितेन्द्र कुमार साहू को कमर में चोट आई है, वहीं कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, दुर्ग के उतई निवासी जितेन्द्र कुमार साहू छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल संभाग दुर्ग में सहायक अभियंता के पद पर पदस्थ हैं। 4 नवंबर 2026 को वे विभागीय कार्य से अपनी कार क्रमांक CG 07 BP 1973 से महासमुंद आए थे। काम पूरा करने के बाद शाम को वे कार से वापस दुर्ग लौट रहे थे।
इसी दौरान शाम करीब 7:30 बजे एनएच-353 स्थित चिमा ब्रीक्श कंपनी के पास रायपुर रोड पर पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक CG 08 L 4211 के चालक ने कथित रूप से तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में जितेन्द्र साहू को कमर में चोट आई और दर्द होने लगा।
शिकायतकर्ता के अनुसार, ट्रक चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम सुजीत कुमार प्रजापति निवासी रायपुर बताया। घटना के दौरान हेमंत सिन्हा मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने हादसा देखा।
जितेन्द्र कुमार साहू की रिपोर्ट पर पुलिस ने ट्रक चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(क) एवं 281 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।