महासमुंद

महासमुंद: बस का इंतजार कर रहे पुरुष-महिला तस्कर 42.710 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार

ओडिशा से गांजा लेकर अहमदाबाद जा रहे थे आरोपी, 21.45 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और थाना कोमाखान पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पुरुष और एक महिला को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 42.710 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 21 लाख 35 हजार 500 रुपए है, बरामद किया है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 21 लाख 45 हजार 500 रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एनएच-353 स्थित काली मंदिर, ग्राम टेमरी के पास एक पुरुष और एक महिला चार बैग में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान धर्मेष कुमार वसावा (25) निवासी वेजलपुर, जिला अहमदाबाद (गुजरात) तथा मिली करूण (37) निवासी केसिंगा, जिला कालाहांडी (ओडिशा), वर्तमान पता वेजलपुर, अहमदाबाद के रूप में हुई।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने गांजा बालीगुड़ा और मुनीगुड़ा (ओडिशा) से लेकर अहमदाबाद (गुजरात) ले जाने की बात बताई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 195/2026, धारा 20(B)(II)(C), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

सोर्स से डेस्टिनेशन तक नेटवर्क की तलाश
पुलिस अब मामले में इंड-टू-इंड जांच के तहत गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस द्वारा गांजे के सोर्स प्वाइंट से लेकर डेस्टिनेशन प्वाइंट तक जुड़े लोगों, सप्लायर और खरीदारों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की भी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि सटीक सूचना, त्वरित कार्रवाई और विभिन्न टीमों के बीच बेहतर समन्वय के चलते गांजा तस्करों को पकड़ने में सफलता मिली है।

जब्त सामग्री:
42.710 किलोग्राम गांजा — कीमत 21,35,500 रुपए
2 मोबाइल फोन — कीमत 10,000 रुपए
कुल जब्ती — 21,45,500 रुपए

Back to top button