बसना

बसना: वाहन की मूल आरसी बुक को लेकर विवाद, गैरेज संचालक से मारपीट और धमकी का आरोप,थाने में मामला दर्ज

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ बसना। ग्राम बंसुला निवासी वाहन गैरेज संचालक के साथ वाहन की मूल आरसी बुक नहीं देने को लेकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने वाहन विक्रेता पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने और हाथ-मुक्के से मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना में शिकायतकर्ता के चेहरे और बाईं आंख के पास चोट लगने की बात कही गई है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार ग्राम बंसुला निवासी राहुल गजेन्द्र बीकॉम तक पढ़ाई करने के बाद राहुल मारुति गैरेज का संचालन करने के साथ वाहन खरीदी-बिक्री का काम करता है। शिकायतकर्ता ने बताया कि सितंबर 2026 में उसने आदर्श नगर बसना निवासी प्रशांत देवता से मारुति ऑल्टो कार क्रमांक CG04HC6812 खरीदी थी।

शिकायत के अनुसार, उक्त वाहन को सितंबर माह में ही ओडिशा के बेहरामाल निवासी पुरुषोत्तम पंडा को बेच दिया गया। राहुल का आरोप है कि वाहन की पूरी रकम प्रशांत देवता को भुगतान करने के बावजूद उसे वाहन की मूल आरसी बुक उपलब्ध नहीं कराई गई।

रिपोर्ट के मुताबिक 1 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे प्रशांत देवता राहुल की दुकान के पास पहुंचा। इस दौरान वाहन स्वामी का नाम ट्रांसफर कराने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि प्रशांत ने उसके साथ अश्लील गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के से मारपीट की। मारपीट में राहुल की बाईं आंख के पास और चेहरे पर चोट लगने की बात कही गई है। घटना के दौरान लोकमान शाह और सेहनवाज मुसानी के मौके पर मौजूद होने तथा बीच-बचाव करने का उल्लेख शिकायत में किया गया है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के विरुद्ध धारा 115(2), 296 एवं 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस विवेचना के दौरान घटना के कारण और पूरे विवाद से जुड़े तथ्यों की जांच करेगी।

Back to top button