बसना: खुर्सीपहार में अवैध महुआ शराब पर पुलिस की कार्रवाई, 35 लीटर शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ बसना। अवैध शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत बसना पुलिस ने ग्राम खुर्सीपहार में एक व्यक्ति को कथित रूप से अवैध महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 35 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित महुआ शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 7 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को बसना थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक चितरंजन साहू अपने स्टाफ के साथ स्थायी वारंटियों की पता तलाश के लिए बामड़ाडीह एवं सिरको क्षेत्र की ओर रवाना हुए थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खुर्सीपहार में बरगद पेड़ के नीचे एक व्यक्ति अवैध महुआ शराब बिक्री के लिए रखकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है।
सूचना से थाना प्रभारी को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने गवाहों के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। मौके पर एक व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में अपना नाम सुन्दरलाल निषाद (38), निवासी खुर्सीपहार, थाना बसना बताया।
पुलिस ने संदेही के पास रखी नीले रंग की 35 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक जरीकन की जांच की। पुलिस के मुताबिक जरीकन में हाथ भट्ठी से निर्मित महुआ शराब भरी हुई थी। जांच के बाद करीब 35 लीटर शराब बरामद कर गवाहों के समक्ष जब्त की गई तथा शराब को पृथक से सीलबंद किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी से शराब रखने एवं बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज अथवा लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन उसके पास कोई वैध कागजात नहीं मिला। इसके बाद आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपी को 1 नवंबर को सुबह करीब 8:30 बजे गिरफ्तार किया। मामला गैर-जमानतीय होने के कारण गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी गई। मामले में आगे की विवेचना जारी है।